Ghazipur: धान क्रय केन्द्रों पर किसानों को मिले सुविधाएं: जिलाधिकारी
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को धान क्रय से सम्बन्धित जनपद में प्रत्येक केन्द्र में तैनात किये गये नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक रायफल क्लब सभागार में की गयी। बताया गया कि जनपद में 136 धान क्रय केन्द्र बनाये गये हैं।
प्रत्येक केन्द्र पर एक-एक नोडल अधिकारी नामित किये गये हैं। बैठक में जिलाधिकारी ने धान क्रय केन्द्रों पर लगे नोडल अधिकारी को सख्त निर्देश दिया गया है कि वह प्रतिदिन संबंधित धान क्रय केन्द्रों की समीक्षा करेंगे। धान क्रय केन्द्रों पर किसानों को सभी सुविधाएं मिलनी चाहिए। कोविड-19 महामारी को देखते हुए केन्द्रों पर पानी, सेनेटाईजर की व्यवस्था तथा दो गज की दूरी के साथ मास्क का प्रयोग अवश्य कराया जाय। उन्होंने कहा कि केन्द्र प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि केन्द्रों पर आने वाले किसानों पर किसी प्रकार की समस्या न आने पाये। शिकायत प्राप्त होने पर सम्बिन्धित केन्द्र प्रभारी स्वय जिम्मेदार होंगे। उन्होंने केन्द्र प्रभारियों को 28 फरवरी 2021 तक धान क्रय के लक्ष्य की प्राप्ति प्रत्येक दशा में पूर्ण करने का निर्देश दिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी भू.रा. एवं समस्त नामित नोडल अधिकारी उपस्थित थे।