Ghazipur: 4 महिलाएं समेत 10 मिले कोरोना संक्रमित, एक की मौत
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जिले की चार महिलाएं समेत दस की रिपोर्ट बृहस्पतिवार की देर शाम आठ बजे पॉजिटिव आई। वहीं एक संक्रमित मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। होम आइसोलेट एवं कोविड सेंटर में भर्ती 4182 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि 67 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है।
वहीं एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 179 पहुंच गया है। नगर के एक व्यक्ति को सर्दी-खांसी की शिकायत पर इलाज के लिए परिजन निजी अस्पताल में ले गए जहां इलाज के दौरान आराम न होने पर डाक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया जहां कोविड जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं देर शाम आई रिपोर्ट में सैदपुर एक, बड़सरा एक, सदर एक, सैदपुर एक, सोहिलापुर एक, देवकली एक, सादात एक, कनेरी दो एवं बिरनो में एक कोरोना संक्रमित मरीज मिला। इन नए कोरोना संक्रमितों को जहां मेडिकल टीम द्वारा ट्रेस किया जा रहा है। वहीं संपर्क में आए संदिग्धों की सूची तैयार करने के लिए सर्वे टीम को सक्रिय कर दिया गया है, जिससे कोराना संक्रमण के फैलाव पर अंकुश लगाया जा सके। इस संबंध में नोडल एसीएमओ डा. उमेश कुमार ने बताया कि इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो गई। वहीं 10 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं।
