सीएम साहब! कर दो परेशानी दूर, बेटी की मांग में भरना है सिंदूर
गाजीपुर न्यूज़ टीम, बलरामपुर. सिंचाई विभाग में काम करने वाली महिला ठेकेदार का कहना है कि यदि विभाग ने उसका बकाया भुगतान नहीं किया तो उसकी बेटी के हाथ पीले नहीं हो पाएंगे। ठेकेदार ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बकाया भुगतान शीघ्र दिलाने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में सिंचाई विभाग की पंजीकृत ठेकेदार जय प्रभा मिश्रा ने कहा है कि उन्होंने बलरामपुर स्थित सरयू नहर खंड चतुर्थ में करीब 44 लाख रुपये के सामान की आपूर्ति अधिकारियों के निर्देश पर किया है। विभागीय अधिकारी भुगतान में तरह-तरह की पेंच फंसा रहे हैं। मेरी बेटी की शादी आगामी 28 नवम्बर को होनी निश्चित है। भुगतान न मिलने पर बेटी की शादी हो पाना नामुमकिन दिख रहा है। सारी पूंजी विभाग में फंसी हुई है। ठेकेदार ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की प्राथमिकता के आधार पर जांच कराकर बकाया भुगतान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया जाए। समय से भुगतान हो गया तो बेटी की शादी तय समय पर संपन्न हो जाएगी।
