Today Breaking News

ड्राइविंग लाइसेंस के लिए करने जा रहे हैं आवेदन तो पढ़ लें ये खबर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. ड्राइविंग लाइसेंस के लिए अब सिर्फ दिन में आठ घंटे ही आवेदन की सुविधा मिलेगी। परिवहन विभाग ने 24 घंटे ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था को खत्म कर दिया है। लोगों को ऑनलाइन मिलने वाले टाइम स्लॉट के मुताबिक ही परिवहन विभाग कार्यालय में पहुंचना होगा। एआरटीओ प्रशासन एके पांडे ने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदन की पूर्व व्यवस्था को बदलते हुए गुरुवार से सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक ऑनलाइन आवेदन का समय निर्धारित कर दिया गया है। पहले कभी भी आवेदन कर सकते थे। उन्होंने कहा कि कई लोगों को रात में भी आवेदन करने की जानकारी नहीं थी।

इसलिए वे इसका फायदा नहीं उठा पाते थे। ऐसे में इस व्यवस्था को पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है। एआरटीओ प्रशासन ने बताया कि परिवहन विभाग की वेबसाइट www.parivahan.gov.in पर ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन की व्यवस्था है। फीस भी ऑनलाइन ही जमा होती है। लर्निंग लाइसेंस के आवेदकों को कंप्यूटर पर परीक्षा और स्थाई व ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण के आवेदकों को बायोमीट्रिक प्रणाली के लिए परिवहन विभाग के कार्यालय में पहुंचना होता है। उन्होंने बताया सभी तरह के डीएल के लिए टाइम स्लॉट बढ़ाकर प्रतिदिन 300 आवेदक कर दिया गया है, जिससे प्रतीक्षा समय में कमी आई है।