Today Breaking News

Ghazipur: मुख्तार अंसारी के होटल गजल को गिराने की मियाद आज पूरी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मुख्तार अंसारी के परिवार की संपत्ति होटल गजल को गिराने की मियाद आज यानी गुरुवार को पूरी हो जाएगी। फिलहाल हाईकोर्ट से भी कोई राहत नहीं मिली है। माना जा रहा है कि अगर गुरुवार को भी स्टे नहीं मिलता तो शुक्रवार को होटल पर बुलडोजर चल जाएगा। 

मुख्तार अंसारी की पत्नी अफ्शां अंसारी, दोनों बेटे अब्बास व उमर अंसारी के नगर के महुआबाग स्थित गजल होटल को गुरुवार तक खुद गिराने की मियाद तय की गई थी।


सदर एसडीएम की कोर्ट ने आठ अक्टूबर को गजल होटल व उनके करीबी मो. आजम के शम्मे हुसैनी अस्पताल को गिराने का नोटिस जारी किया था। कोर्ट ने एक सप्ताह का समय देते हुए निर्देश दिया था कि अगर तब तक खुद इसे नहीं गिराएंगे तो जिला प्रशासन इसे गिरा देगा। इसमें जो भी खर्च आएगा उसे वसूल भी किया जाएगा। 


एक सप्ताह का समय गुरुवार को समाप्त हो जाएगा। बुधवार को पूरे दिन कयासों का बाजार गरम रहा। पूरे मामले पर लोगों की निगाहें टिकी रहीं। गजल होटल पर हाइकोर्ट में बुधवार को होने वाली सुनवाई नहीं हो सकी। वहीं, मुख्तार के करीबी मो. आजम के हमीद सेतु के पास गंगा नदी ठीक किनारे बने शम्मे हुसैनी अस्पताल पर फिलहाल कार्रवाई रुक गई है।


गाजीपुर समेत पूर्वांचल के जिलों में पिछले दो महीनों से लगातार मुख्तार के परिवार और उनके करीबियों पर जिला प्रशासन शिकंजा कस रहा है। असलहों के लाइसेंस रद कराने से लेकर अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों को धराशायी किया जा रहा है। वाराणसी, मऊ, आजमगढ़, चंदौली और जौनपुर में भी कई संपत्तियां कुर्क की गईं और ढहा दी गई हैं।

'