साहब! दो लाख दहेज न देने पर पति दे रहा तलाक
गाजीपुर न्यूज़ टीम, देवरिया. गोरखपुर जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र के नंदानगर की एक महिला को दो लाख रुपये नकदी व चार पहिया गाड़ी दहेज में न देने पर ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया है। पति अब तलाक की धमकी दे रहा है। शनिवार को पीड़िता एसपी कार्यालय पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज कराई। एसपी ने गौरीबाजार थानाध्यक्ष को मामले की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
गौरीबाजार थाना क्षेत्र के सवना निवासी नासीर अंसारी की बेटी शाहिबा खातून का निकाह एक अक्टूबर 2018 को नंदानगर निवासी एक युवक से हुआ। एसपी कार्यालय पहुंची शाहिबा ने बताया कि जब से वह ससुराल गई, तभी से ससुराली दहेज में दो लाख नकद व एक चार पहिया गाड़ी की मांग कर रहे हैं। कुछ माह पहले उन लोगों ने मुझे घर से मारपीट कर निकाल दिया। इस बीच डाक से शौहर ने तलाक लिख कर भेज दिया है। थाने पर तहरीर दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
