Today Breaking News

सोनू सूद सड़क हादसे में घायल भदोही की युवती का कराएंगे इलाज

गाजीपुर न्यूज़ टीम, भदोही. भदोही जिले के घोसिया नगर पंचायत के एक मोहल्ला निवासी सड़क हादसे में गंभीर रुप से घायल युवती का उपचार फिल्म अभिनेता सोनू सूद कराएंगे। उनकी पहल के बाद जिला प्रशासन ने गुरुवार की रात ही एंबुलेंस से युवती को करनाल (हरियाणा) भेजा, जहां पर शुक्रवार को उसे हड्डी के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मोहल्ला निवासी एक युवती ने पिता पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उसके बाद वह एक युवक के साथ दिल्ली चली गई थी।


वहीं पर उसने धर्म परिवर्तन कर लिया था। दिल्ली में ही वह नौकरी करने लगी थी। लॉकडाउन के पूर्व  सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। बस पलटने से उसके कमर की हड्डी कई जगह से टूट गई थी। लॉकडाउन के कारण वहां ठीक से उपचार नहीं हो पा रहा था। जिसके बाद वह किसी तरह घर आ गई थी। उठने, बैठने में भी वह असमर्थ थी। इस दौरान उसे बोन टीबी भी हो गई। मामले की जानकारी के बाद कई हिन्दू संगठनों से जुड़े लोगों ने प्रकरण को सोशल मीडिया पर उठाया था। जिसका संज्ञान सोनू सूद ने लिया। 


सीएमओ डा. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि फिल्म अभिनेता सोनू सूद ने युवती को करनाल भिजवाने को कहा था, ताकि उसका उपचार अच्छे चिकित्सकों से बढ़िया अस्पताल में कराया जा सके। निजी एंबुलेंस चालकों द्वारा करीब 30 हजार रुपए की डिमांड की जा रही थी। डीएम से वार्ता के बाद जिला प्रशासन की ओर से एंबुलेंस व युवती के भोजन आदि की व्यवस्था कर गुरुवार की रात ही उसे करनाल भेज दिया गया। शुक्रवार को उसे  अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। 


वीडियो वॉयरल होने पर लिया था डीएम ने संज्ञान

घायल युवती का वीडियो गत माह सोशल मीडिया पर जमकर वारयल हुआ था। जिसमें उसने धर्म परिवर्तन करने समेत उपचार की गुहार लगाई थी। उस दौरान डीएम राजेंद्र प्रसाद ने मामले का संज्ञान लिया था। उनके निर्देश पर सीएमओ डा. लक्ष्मी सिंह व एसडीएम औराई उसके घर गए थे। डीएम ने उसके उपचार को सीएम को पत्र भी लिखा था। इस बीच, कुछ संगठनों की ओर से उसे मिर्जापुर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तहां से गुरुवार की रात करनाल भेजा गया। 

'