Today Breaking News

पड़ोसियों को फसाने के लिए खुद को मारी गोली, पिता समेत तीन गिरफ्तार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. रामगढ़ताल क्षेत्र के गायघाट में शनिवार की रात बेतियाहाता के रहने वाले युवक ने खुद को गोली मार ली। अस्पताल पहुंचने के बाद पुलिस को बताया कि रंजिश में पड़ोसियों ने गोली मारी है। जांच में आरोप गलत मिलने पर पुलिस ने साजिश में शामिल युवक के पिता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल पिस्टल बरामद किया। मेडिकल कॉलेज में भर्ती युवक को पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया है।

पुलिस की छानबीन में सामने आया सच

सीओ कैंट सुमित शुक्ल ने बताया कि बेतियाहाता दक्षिणी के रहने वाला 27 वर्षीय विजय कुमार शनिवार की रात में 112 नंबर पर सूचना दिया कि कार सवार युवकों ने गायघाट के पास बाइक में टक्कर मारने के बाद गोली मार दी है। गोली उसके बाएं हाथ मे लगी है। पुलिस अस्पताल पहुंची तो उसने बताया कि पड़ोसियों से रंजिश चलती है। उन्होंने ही गोली मारी है। प्राइवेट अस्पताल में भर्ती विजय को पुलिस मेडिकल कॉलेज ले गई। आरोपितों के घर पहुंचने पर सभी मिल गए। उन्होंने घटना में शामिल होने से इंकार किया। छानबीन करने पर पता चला विजय और उसके घरवालों ने पड़ोसियों को फसाने की साजिश रची है। उसके पिता रामरूप को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो भेद खुल गया। जिसके बाद साजिश में शामिल विजय के साथी रामगढ़ताल के डोमवा  ढाला निवासी अमित और बड़गों निवासी विष्णु को रविवार की शाम 32 बोर की पिस्टल और एक कारतूस के साथ नौकायन के पास गिरफ्तार किया गया। मेडिकल कॉलेज में भर्ती विजय को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।


अमित पर 18 और विजय पर है छह केस

सीओ कैंट सुमित शुक्ल ने बताया कि अमित कुमार शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ लूट, चोरी, हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के 18 केस अलग-अलग थानों में दर्ज है। विजय पर भी डकैती, आर्म्स एक्ट और लूट के छह केस दर्ज है।

'