Today Breaking News

कानपुर में बिकरू कांड के आरोपित अमर दुबे की पत्नी की तबीयत बिगड़ी, बाराबंकी जिला अस्पताल में भर्ती

गाजीपुर न्यूज़ टीम, कानपुर. बाराबंकी, कानपुर के चौबेपुर के बिकरू कांड के बाद पुलिस एनकाउंटर में मारे गए आरोपित अमर दुबे की पत्नी की तबीयत खराब हो गई है। बाराबंकी के संप्रेक्षण गृह में बंद विकास दुबे के भतीजे अमर दुबे की पत्नी की तबीयत शनिवार रात को खराब हो गई है। एसटीएफ ने आठ जुलाई 2020 को अमर दुबे को मुठभेड़ में मार गिराया जबकि दस जुलाई को विकास दुबे मारा गया था। 

कानपुर के बहुचर्चित बिकरू कांड में साजिश में शामिल होने के शक में गिरफ्तार अमर दुबे की पत्नी की शनिवार की रात तबीयत बिगड़ गई। रविवार सुबह उसे जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। विकास दुबे के भतीजे अमर की पत्नी को 14 सितंबर को संप्रेक्षण ग्रह बाराबंकी लाया गया था। इसे शनिवार की रात से ही खून की उल्टियां होने लगीं।


रविवार सुबह जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। चिकित्सक का कहना है कि खून की उल्टियां होने से उसे कमजोरी और बुखार है। इलाज चल रहा है। इसके साथ ही एक किशोरी और भर्ती कराई गई है इसे भी बुखार आना बताया जा रहा है। संप्रेक्षण गृह की अधीक्षिका कंचन वर्मा का कहना है कि उसकी तबीयत खराब होने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


विकास दुबे ने लड़की वालों को बिकरू गांव में घर पर ही बुलाकर 29 जून को अमर दुबे की शादी कराई थी। शादी के बाद दूसरे दिन लड़की वाले चले गए थे। एसटीएफ ने आठ जुलाई 2020 को अमर दुबे को मुठभेड़ में मार गिराया जबकि दस जुलाई को विकास दुबे मारा गया था। 


'