Today Breaking News

बलिया के लोको पायलट आलोक कुमार सिंह को ढूंढ रही महराजगंज पुलिस

गाजीपुर न्यूज़ टीम, महराजगंज : बलिया जिले के सहतवार थाना क्षेत्र के नैना गांव निवासी लोको पायलट आलोक कुमार सिंह को महराजगंज जनपद के नेपाल सीमा से सटे थाने की पुलिस ढूंढ रही है। उसे अभी तक सफलता नहीं मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने सोमवार को इस संबंध में विशेष निर्देश दिए। रेलवे में लोको पायलट के पद पर तैनात रहे आलोक कुमार सिंह 22 नवंबर से ही लापता हैं।

गायब होने से पूर्व लोको पायलट ने फेसबुक पर आत्महत्या किए जाने का पोस्ट डाला था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लोकेशन के अनुसार आलोक की छानबीन की जा रही है। सीमाई थानों के अलावा सभी चौकियों के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। 22 नवंबर को लोको पायलट ने गृह कलह के कारण आत्महत्या किए जाने की जानकारी फेसबुक पर पोस्ट किया था। इसके लिए पारिवारिक मामलों को जिम्मेदार बताया था। 


फेसबुक पर डाले गए संदेश में लोको पायलट ने गोरखपुर के नेपाल बॉर्डर का जिक्र किया था। पुलिस को लोको पायलट आलोक कुमार सिंह की अंतिम लाइव लोकेशन 22 नवंबर की शाम सात बजे गोरखपुर के आसपास मिली थी। तभी से पुलिस जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने बकायदा गायब हुए लोको पायलट का पोस्टर जारी किया है। पुलिस अधीक्षक बताया कि लोको पायलट के गायब होने के गुमशुदगी की सूचना बलिया जिले के सहतवार थाने में दर्ज कराई गई है। लोको पायलट के जारी किए गए संदेश में गोरखपुर के नेपाल बार्डर की जानकारी होने के कारण महराजगंज के सभी सीमाई थानों के अलावा सभी चौकियों को छानबीन के निर्देश दिए गए हैं।

'