Today Breaking News

वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी, खजूरी में सीएम ने किया जनसभा को संबोधित

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. PM Narendra Modi in Varanasi and Dev Deepawali: लंबे अरसे बाद प्रधानमंत्री आज सोमवार की दोपहर वाराणसी को योजनाओं की सौगात देंगे तो वहीं देव दीपावली पर भी वह शामिल होंगे और काशी के दिव्‍य और भव्‍य आयोजन का भी वह हिस्‍सा बनेंगे। सोमवार को दोपहर 12 बजते ही प्रशासन ने सकियता बढ़ा दी और सुरक्षा चाक चौबंद करते हुए अधिकारियों की चयनित स्‍थानों पर तैनाती शुरू कर दी। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देव दीपावली पर बनारस आगमन के पीछे गहरा उद्देश्य छिपा है। कोविड-19 संक्रमण काल में काशी से विश्व को बड़ा संदेश देने की मंशा है। महामारी के बीच उत्सव को कैसे मनाया जा सकता है, पूरा आयोजन इस उद्देश्य में सिमट गया है। 


दोपहर में पीएम के आगमन के पूर्व मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ लाल बहादुरशास्‍त्री अंतरराष्‍ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर पहुंच गए। सीएम इस दौरान वहां पर तैयारियों का जायजा लेने के साथ ही पीएम मोदी का स्वागत करने के बाद सभी कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों के साथ पुराने टर्मिनल भवन के वीआइपी लाउंज में नेताओंं और अधिकारियों संग बैठक भी की। वहीं दोपहर 2.10 बजे पीएम विशेष विमान (बोइंग 777-300 ईआर) से आए तो मुख्‍यमंत्री ने एयरपोर्ट पर उनका स्‍वागत किया। स्‍वागत के बाद पीएम हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्‍थल खजूरी के लिए प्रस्थान कर गए। 


बाबतपुर एयरपोर्ट पर हुआ स्‍वागत

बाबतपुर हवाई अड्डे पर उतरने के बाद एप्रन पर सीएम योगी आदित्यनाथ, राज्य मंत्री आशुतोष टंडन, नीलकंठ तिवारी और रविन्द्र जायसवाल, सांसद मछलीशहर वीपी सरोज, राधा मोहन सिंह, स्वतंत्र देव सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, अवधेश सिंह, लक्ष्मण आचार्य, अशोक धवन, चेयरमैन अपराजिता सोनकर, महापौर मृदुला जायसवाल, महेशचंद्र श्रीवास्तव, विद्यासागर राय आदि लोगों में उनकी आगवानी की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने लोगों से कुशल क्षेम पूछा, उसके बाद दोपहर 2:35 बजे वायुसेना के हेलीकॉप्टर से प्रधानमंत्री खजूरी, मिर्जामुराद के लिए प्रस्थान कर गए।


पीएम का शहर में अलग-अलग कार्यक्रम

पीएम दोपहर दो बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद 2.35 खजुरी मिर्जामुराद सिक्स लेन लोकार्पण और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद चार बजे डोमरी हेलीपैड से उतरने के बाद 4.20 बजे ललिता घाट और कारिडोर का निरीक्षण करने के बाद बाबा दरबार काशी विश्वनाथ मंदिर में दीपक जलाएंगे। शाम पांच बजे राजघाट पावन पथ वेबसाइट लांच करने के साथ दीप प्रज्वलन और संबोधन भी होगा। वहीं संत रविदास प्रतिमा पर पुष्पांजलि करने के बाद 5.45 बजे रोरो जलयान से घाटों की छटा निहारते चेत सिंह किला पर लेजर शो का अवलोकन करेंगे। शाम 6.30 बजे संत रविदास घाट पर जलयान से उतर कर वाहन पर सवार होकर वह सारनाथ जाएंगे और लेजर शो के साथ खंडहर परिसर का भी अवलोकन करने के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट रवाना हो जाएंगे।


काशी ने किया पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत 

देव दीपावली पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए काशी तैयार है। जनसभा स्थल से लेकर गंगा घाट तक दीपोत्सव और जश्न का माहौल है। प्रधानमंत्री काशी में कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। खजुरी गांव में जनसभा स्थल से 2447 करोड़ से बने 73 किलोमीटर 6 लेन चौड़ीकरण का लोकार्पण करेंगे। राजघाट पर देव दीपावली का शुभारंभ करने के साथ पर्यटन विभाग के वेबसाइट लांच करेंगे। प्रधानमंत्री चेतसिंह घाट पर लेजर शो का दीदार करने के साथ गंगा में नौका विहार भी करेंगे। गंगा घाट और गंगा उस पार, मंदिरों और मकानों पर 15 लाख से अधिक दीप जलाएं जाएंगे। इसके अलावा श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। सारनाथ में लाइट एंड साउंड देखेेंगे। 


देश का दोबारा प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी का बनारस में इस वर्ष का दूसरा दौरा है। उनके दूसरे दौरे से पहले काशी सजधज कर तैयार है। राजघाट पर गंगा में जेटी बनने के साथ मंच का रूप दिया गया है। मंच के पीछे कोई पर्दा नहीं होगा, पीछे सिर्फ गंगा की लहरें दिखाई पड़ेंगी। गंगा पर रंग-बिरंगे दीपों के साथ आसपास मकानों पर भी दीप जलेंगे। गंगा घाट के मकानों और मंदिरों में रंग-बिरंगे झालर, लाइट लगाए गए हैं। इसके अलावा शहर सभी मंदिर, सरकारी कार्यालय और सड़क पर रंग-बिरंगे झालरों से सजा है। बिजली पोल पर भी रंग-बिरंगे झालर लगे हुए हैं। रंग-बिरंगे झालरों और लाइटों से गंगा घाट पर पानी में उल्टा प्रतिङ्क्षबब दिखाई पड़ रहा है जो देखने लायक है। शाम को गंगा घाट पर देखने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। 


छह लेन सड़क का करेंगे लोकार्पण 

प्रधानमंत्री पहले खजुरी गांव में जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही एनएचएआइ के 73 किलोमीटर 6 लेन चौड़ीकरण सड़क का लोकार्पण करेंगे। यहां से सीधे हेलीकाप्टर से सूजाबाद में उतरेेंगे। गंगा में जल मोटरयान पर सवार होकर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। यहां दर्शन-पूजन करने के बाद राजघाट पहुंचेंगे। यहां कार्यकर्ताओं से वह संवाद करेंगे। 


भगवान बुद्ध की सुनेंगे जीवनी 

भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली सारनाथ में पुरातत्व खंडहर परिसर में लाइट एंड साउंड कार्यक्रम भी देखने जाएंगे। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की आवाज में भगवान बुद्ध की जीवनी सुनेंगे। इस दौरान वह बैट्री चालित वाहन में बैठेंगे।


135 देशों में देव दीपावली का प्रसारण

देव दीपावली का प्रसारण 135 देशों में किया जाएगा। पीएम मोदी से मिर्जापुर के खजुरी गांव में आयोजित जनसभा से लेकर गंगा घाट पर जलते दीये व जनता से संवाद का कार्यक्रम होगा जिसे दूरदर्शन के माध्यम से कवर किया जा रहा है। हर प्वाइंट पर बड़े-बड़े कैमरे लगाए गए हैं। जब पीएम मोदी शहर की सड़कों से गुजरेंगे तो भी सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसका उद्देश्य पूरे विश्व को एक संदेश देना है।