Today Breaking News

आजमगढ़ में ऑटो को रौंदते हुए घर में घुसा ट्रक, तीन बच्चों समेत चार की मौत, पांच घायल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. आजमगढ़ में बुधवार को भीषण हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रक ऑटो को रौंदते हुए एक घर में घुस गया। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पांच लोग गंभीर है। मरने वालों में तीन बच्चे हैं। घायलों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में अधिकारियों के साथ डॉक्टरों की टीम लगी है। गंभीर हालत में एक बालिका को रेफर किया गया है। हादसा सिधारी के छतवारा चौराहे पर गिरधरपुर गांव के पास हुआ। 

बताया जा रहा है कि आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र के छतवारा चौराहे के समीप एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। उसने एक ऑटो को रौंद दिया और तेज रफ्तार में घर में घुस गया। ऑटो पर सवार लोग अलग-अलग परिवार के थे और नरौली स्टैंड से वापस अपने गांव जहानागंज थाना क्षेत्र के शुंभी व आसपास जा रहे थे। हादसा होते ही अफरातफरी मच गई। 


चीख-पुकार के बीच लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। तब तक दो मासूम बच्चियों 7 वर्षीय बालक और एक महिला की मौत हो चुकी थी। वही एक बच्ची का पैर कट गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल भेजा। बताया जाता है कि मरने वालों में चक्रपानपुर निवासिनी प्रभावती देवी 55 वर्ष, 4 वर्ष की चंदा निवासिनी जहानागंज, 2 वर्ष की बच्ची व एक 7 वर्ष का बालक है।

'