दसवीं में पढ़ने वाले दोस्तों ने उठाया खौफनाक कदम, छात्र की मौत, छात्रा की हालत गंभीर
गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दसवीं में पढ़ने वाले नाबालिग दोस्तों ने खुदकुशी का प्रयास किया है। छात्र की मौत हो गई और छात्रा की हालत गंभीर है। छात्रा को बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे।
छात्र नचिकेत सिंह और छात्रा जाह्नवी तिवारी आशापुर स्थित एक स्कूल में दसवीं में पढ़ते थे। जाह्नवी लालपुर-पाण्डेयपुर के जेडी नगर कालोनी रामरेपुर और नचिकेत वहां से कुछ दूरी पर स्थित लालपुर में रहता था।
मंगलवार की शाम जाह्नवी ने अपने घर पर खुदकुशी की कोशिश की। उसने कोई जहरीला पदार्थ खाने के बाद चाकू से अपने ऊपर ही हमला कर लिया। गंभीर हालत में परिवार के लोग जाह्नवी को लेकर भोजूबीर स्थित निजी अस्पताल भागे। वहां से कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल ले गए। हालत गम्भीर होने पर ट्रामा सेन्टर बीएचयू में भर्ती कराया गया।
इधर बुधवार की सुबह जाह्ववी के खुदकुशी की जानकारी मिलते ही नचिकेत ने अपने घर में चादर से फंदा बनाकर फांसी लगा ली।परिजनों ने बेटे को पंखे से लटका देखा तो कोहराम मच गया। इकलौते बेटे को फांसी पर लटका देख मां गश खाकर गिर पड़ी। परिजनों ने नचिकेत को उतारा और खजुरी स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
लालपुर-पाण्डेयपुर थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने नचिकेत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल दोनों ही परिवार वाले घटना का कारण नहीं बता रहे हैं। पुलिस का कहना है मामला प्रेम प्रपंच का लग रहा है। जांच हो रही है।
