Today Breaking News

Ghazipur: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 143 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. नगर स्थित लंका मैदान में शुक्रवार को सामूहिक विवाह का आयोजन हुआ। इस दौरान बैंडबाजों और मंत्रोच्चार के बीच जोड़े एक दूजे के हुए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सभी विकासखंडों व नगर पालिका से आए कुल 143 जोड़े परिणय सूत्र में बंध गए। एक दर्जन जोड़ों में कहीं दूल्हा तो कहीं दुल्हन न आ सकीं। गायत्री परिवार द्वारा विधि-विधान से विवाह कार्यक्रम संपन्न कराया गया।

आकर्षक ढंग से सजे लंका मैदान में वैवाहिक कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ तो मंगलगीत गूंजने लगे। एक-एक कर सभी जोड़ों का मिलान कर उन्हें मंडप में बैठाने के साथ उनको सामान दिया गया। इसमें कुल 12 जोड़े अनुपस्थित रहे। किसी पक्ष का दुल्हा तो किसी पक्ष की दुल्हन नहीं आई तो कुछ में दोनों गायब थे। विवाह कार्यक्रम गायत्री परिवार गाजीपुर के प्रमुख सुरेंद्र सिंह द्वारा पूरे विधि-विधान पूर्वक संपन्न कराया गया। 


जिला समाज कल्याण अधिकारी रामविलास सिंह यादव ने बताया कि विवाह सकुशल संपन्न हो गया। 155 में से 12 जोड़े अनुपस्थित रहे। इस शादी में प्रत्येक जोड़ों पर कुल 51 हजार रुपये खर्च किया गया। इसमें 35 हजार रुपये दुल्हन के खाते में भेजे गए। 10 हजार रुपये का कपड़ा, गहना व सामान आदि दिया गया, जिसमें लड़की की शादी के कपड़े, चांदी का पायल, बिछिया, बर्तन सेट आदि शामिल है। मुहम्मदाबाद विधायक अलका राय ने इसका शुभारंभ किया। शादी संपन्न होने के बाद जमानियां विधायक सुनीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता सिंह, एडीएम राजेश सिंह, सीडीओ श्रीप्रकाश गुप्ता, सहित तमाम अधिकारियों ने वर-वधू को आशीर्वाद प्रदान किए।


सबसे अधिक बिरनो ब्लाक की हुई शादियां

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के लिए सभी ब्लाकों से आवेदन आए थे। इसमें सबसे अधिक बिरनो ब्लाक के 62 जोड़ों की शादी हुई। इसके अतिरिक्त भांवरकोल से पांच, सैदपुर व सादात के दो-दो, मरदह से दस, जखिनयां दो, देवकली 14, मुहम्मदाबाद पांच, जमानियां दो, कासिमाबद 19, रेवतीपुर दो, जमानियां नगर पालिका से तीन, सदर ब्लाक से आठ, मनिहारी से चार, गाजीपुर नगर पालिका से एक व भदौरा के दो जोड़ों की शादी संपन्न हुई।


'