Today Breaking News

Ghazipur: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के फर्जी प्रमाण पत्र पर नौकरी करने वाला शिक्षक बर्खास्त

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का फर्जी आश्रित बनकर सहायक अध्यापक की नौकरी हथियाने वाले मुन्ना कुमार पाल को जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने सोमवार को बर्खास्त कर दिया। वह सैदपुर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय विझवल में तैनात था। बर्खास्तगी के बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश सैदपुर खंड शिक्षाधिकारी को दिया गया है। साथ में वेतन रिकवरी भी की जाएगी।

मुन्ना कुमार पाल सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के बेलहरी का रहने वाला है। 2010 में बलिया में हुई विशिष्ट बीटीसी-2008 विशेष चयन के तहत उसने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित कोटे का फर्जी दस्तावेज तैयार कर नौकरी प्राप्त कर ली। इसके बाद छह वर्ष तक वहीं नौकरी की। फिर 2016 में अंतरजनपदीय स्थानांतरण कराकर गाजीपुर आ गया और यहां सैदपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय विझवल में तैनात था। इस दौरान उसके खिलाफ विभाग को शिकायत मिली कि वह फर्जी प्रमाण पत्र लगाकर नौकरी कर रहा है। इसके बाद गाजीपुर बीएसए श्रवण कुमार ने मुन्ना कुमार पाल के सभी अभिलेखों का सत्यापन बलिया बीएसए व डायट प्राचार्य से कराया गया। वहां से आख्या प्राप्त हुई कि उसकी नियुक्ति स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित कोटे से हुई है। इसके बाद जिलाधिकारी से उसके प्रमाण पत्र का सत्यापन कराया गया तो पता चला कि वह फर्जी है। इसके बाद विभाग ने उसे तीन बार नोटिस जारी की लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया।


मुन्ना कुमार पाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित कोटे का फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर नौकरी प्राप्त की थी। शिकायत के बाद जांच में इसकी पुष्टि हो गई। उसे बर्खास्त कर दिया गया है। विभाग में फर्जी शिक्षकों के खिलाफ जांच अभी जारी है।- श्रवण कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी।


 
 '