Ghazipur: निरीक्षण में गो संरक्षण केंद्र पर मिली गंदगी
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. कासिमाबाद, अपर आयुक्त जितेंद्र मोहन सिंह ने मंगलवार को परजीपाह गांव स्थित अस्थायी वृहद गो संरक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने पशुओं के रखरखाव, सफाई, चारा, पेयजल व अलाव के बारे में जानकारी ली। केंद्र पर सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। पशु चिकित्सा अधीक्षक डा. अमित सिंह को सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने ब्लाक मुख्यालय का भी जायजा लिया।
अपर आयुक्त ने बताया कि गो संरक्षण केंद्र के परिसर में मछली पालन कराया जा सकता है। गोबर इकट्ठा कर उसका खाद बनाने का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने ठंड के मौसम में पशुओं की विशेष देखभाल व अलाव की व्यवस्था ठीक करने का निर्देश दिया। केंद्र की संचालक मीनू श्रीवास्तव ने बताया कि 2 महीने से पशुओं के रखरखाव की धनराशि नहीं मिली है। इससे परेशानी हो रही है। अपर आयुक्त ने बताया कि इसके लिए अधिकारियों को बात कर भुगतान कराया जाएगा। इसके बाद उन्होंने खंड विकास अधिकारी कार्यालय में समस्त पटल स्थापना, लेखा आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी कृषि, पंचायत, आइएसबी समाज कल्याण से संबंधित योजनाओं की समीक्षा भी की। निर्देश दिया कि कार्य की प्रगति को बढ़ाएं तथा 31 मार्च के पूर्व लंबित समस्त वित्तीय प्रकरण का निस्तारण करें। कहा कि ऐसे व्यक्ति जो सेवानिवृत्त हो उनकी देय का तत्काल भुगतान करें। उपजिलाधिकारी भारत भार्गव, तहसीलदार डा. विराग पांडेय, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी /खंड विकास अधिकारी किशोर सिंह, सहायक विकास अधिकारी पंचायत शेषनाथ यादव, सहायक विकास अधिकारी कृषि उदयभान मौर्या आदि थे।
