शिक्षिका को लेकर फ़ुर्र हो गए प्रधानाचार्य, तलाश में जुटी पुलिस
गाजीपुर न्यूज़ टीम, मुरादाबाद. एक इंटर कालेज के प्रधानाचार्य की आंखें विद्यालय में पढ़ाने वाली एक गैर जाति की शिक्षिका से लड़ गई। प्यार परवान चढ़ा तो मुलाकातों का सिलसिला चल उठा।
दोनों ने एक साथ जीने-मरने की कसमें खा लीं। दोनों अलग-अलग जाति के हैं। अपने प्यार को मुकाम देने के लिए दोनों घर से फरार हो गए। मामले को लेकर दोनों के क्षेत्रों में तनाव बरकरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिक्षिका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्रधानाचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। चर्चा है कि प्रधानाचार्य और शिक्षिका अभी अविवाहित ही हैं। मुरादाबाद मंडल के अमरोहा जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव स्थित इंटर कालेज में पड़ोसी गांव निवासी एक शिक्षिका पढ़ाने आती थी।
शिक्षण कार्य के दौरान प्रधानाचार्य का उससे प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। बुधवार को मौका पाकर दोनों कालेज से एक साथ फरार हो गए। शिक्षिका के पिता का आरोप है कि प्रधानाचार्य उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिक्षिका के पिता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्रधानाचार्य के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रधानाचार्य एवं शिक्षिका अलग-अलग जाति के होने की वजह से लोगों में रोष पनप रहा है। उधर, प्रभारी निरीक्षक रकम सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर प्रेमी युगल की तलाश की जा रही है।
