Today Breaking News

बलिया में शौहर ने फोन पर सुनाया तलाक का फरमान, बीवी ने एएसपी से की शौहर की शिकायत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, बलिया. शुक्रवार को शौहर ने अपनी बीवी को फोन पर ही तीन तलाक का फरमान सुना दिया। यह सुनकर बीवी सकते में आ गई। इस मामले में बीवी ने अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार से शौहर की शिकायत की है। यह मामला  जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के सिकरिया कला ग्राम  में प्रकाश में आया।

एक मुस्लिम युवती को शौहर की ओर से फोन पर तलाक  देने मामला संज्ञान में आते ही हड़कंप मच गया। गड़वार थाना क्षेत्र के सिकरिया कला गांव की रहने वाली नाजिश बेगम ने मीडिया कर्मियों को बताया कि उसका विवाह गत 8 फरवरी 2018 को मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के ढिलाई फ़िरोजपुर गांव के कुतुबुद्दीन उस्मानी से हुआ था। शादी के 3 महीने तक साथ रहने के बाद उसका पति  विदेश में नौकरी करने के लिए कतर चला गया। इसके बाद ससुराल में उसके साथ उत्पीड़न शुरू हो गया। उसके एक निकट संबंधी ससुराल में उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। उसने इसकी जानकारी जब अपने पति को फोन पर दी तो पति उसे ही धमकाने लगा।


अन्तत: उसे ससुराल से  भी निकाल दिया गया। इसके बाद वह अपने मायके चली आयी। नाजिश ने बताया कि घटना की जानकारी उसने फोन पर अपने पति को दी तो पति ने कतर से ही फोन पर उसे तीन तलाक बोल दिया। शौहर ने कहा कि अब उसका उससे रिश्ता समाप्त हो गया है। नाजिश बेगम ने  मामले से अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार को  अवगत कराया है। एक शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है । अपर पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार की देर शाम बताया कि मुस्लिम महिला ने शिकायत की है। इस मामले में महिला थाना को जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

'