Ghazipur: अचानक तबीयत ख़राब होने से सेना के जवान का निधन
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जंगीपुर क्षेत्र के मिट्ठापारा गांव निवासी सेना के जवान की अचानक तबीयत खराब होने से शुक्रवार की रात निधन हो गया। इसकी जानकारी होते ही गांव में मातम छा गया। जवान के बड़े भाई ने बताया कि पार्थिव शरीर रविवार की भोर में लाया जाएगा।
स्व. मार्कण्डेय यादव के तीन पुत्रों में रविन्द्र सिंह यादव उर्फ दिनेश (32) दूसरे नंबर के पुत्र थे और वह वर्ष 2004 में आर्मी के कुमाऊं रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। वर्तमान में रविन्द्र उत्तराखंड के रानीखेत में हवलदार के पद पर तैनात थे। जहां शुक्रवार की रात लगभग नौ बजे अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। सेना के अधिकारियों ने उन्हें पिथौड़ागढ़ आर्मी हास्पिटल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया। जहां मामला गंभीर होने पर आर्मी कोर के डाक्टर ने दिल्ली के लिए रेफर कर दिया, लेकिन समय पर एयर एंबुलेंस के नहीं पहुंचने से सेना के जवान रविन्द्र सिंह यादव ने वहीं दम तोड़ दिया। सेना के अधिकारियों ने इसकी सूचना रविन्द्र के बड़े भाई विद्यानन्द सागर जो कि सेना में हवलदार के पद पर सिकंदराबाद में तैनात हैं, को मोबाइल पर दी। जहां बड़े भाई ने परिवार को इसकी जानकारी दी। जानकारी होते ही गांव में शोक छा गया।
होली पर घर आउंगा, का किया था वादा
रविन्द्र यादव उर्फ दिनेश अभी हाल ही में छुट्टी पर घर आया था। घर पर ही रहकर नए मकान को बनवा रहा था। दस दिन पहले छुट्टी पूरी होने के बाद ड्यूटी पर गया और जाते-जाते होली पर घर आने की बात पत्नी विभा से कही थी। शुक्रवार की शाम करीब चार बजे पत्नी से बात कर बन रहे मकान के बारे में जानकारी ली थी। बोला था कि होली आने वाली है, जल्द ही घर आउंगा। पर रविन्द्र को यह नहीं मालूम था कि शाम को पत्नी से हुई बात भी आखिरी थी।
रविन्द्र के एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं
सेना के जवान रविन्द्र उर्फ दिनेश की शादी वर्ष 2006 में जखनियां के महार (रामपुरबलभद्र) गांव में विभा से हुई थी। इससे एक बेटा सुंदरम (13) और दो बेटियां स्वीटी (10), छोटी बेटी ब्यूटी (8) है। पिता मार्कंडेय यादव की वर्ष 2020 में निधन हो चुका है। माता लालता देवी घर पर ही रहती हैं।