Today Breaking News

Ghazipur: मरदह, सुहवल व दिलदारनगर प्रभारी निरीक्षक को पुलिस अधीक्षक ने किया लाइन हाजिर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मरदह थाना प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह, सुहवल के इंस्पेक्टर सुदेश सिंह और दिलदारनगर प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र को पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए लाइन हाजिर कर दिया। बलवान सिंह का लगातार विवादों में रहने तो सुहवल एसओ के खिलाफ बालू लदे ट्रैक्टर-ट्राली को पास कराने की शिकायत उनके जाने की वजह मानी जा रही है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे खलबली मची हुई है। इसके अलावा सात अन्य लोगों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है।

इंस्पेक्टर बलवान सिंह जब कासिमाबाद कोतवाल थे, उस समय भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं संग बदसलूकी का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन किया था। इसके बाद एसपी ने बलवान को मरदह थाने की कमान सौंप दी थी। बीते आठ फरवरी को सीएम के कार्यक्रम से कुछ देर पहले ही हियूवा जिलाध्यक्ष अमित सिंह से इनकी तकरार हो गई और मीडिया गैलरी में कार्यकर्ताओं को बैठाने को लेकर जमकर बहस हुई। एसपी द्वारा बलवान के खिलाफ की कार्रवाई को लोग इसी से जोड़ देख रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को अपने आदेश में दो लोगों को प्रमोट भी किया है। 


सेवराई चौकी इंचार्ज राजेश बहादुर सिंह को रेवतीपुर और सिधौना चौकी इंचार्ज इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह को सुहवल प्रभारी निरीक्षक बनाया है। इसके अलावा मुहम्मदाबाद कोतावली के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह को मरदह, उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय को नंदगंज थानाध्यक्ष, नंदगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह को प्रभारी मीडिया सेल, रेवतीपुर प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल को दिलदारनगर और गहमर के अतिरिक्त निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय को गहमर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक ने सभी को तत्काल पदभार ग्रहण करने का आदेश दिया है।

 
 '