Today Breaking News

चांदी वर्क में मिला एल्युमिनियम का कण तो छेना की मिठाई में आरारोट और मैदा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, बलिया. त्योहारी सीजन में मिठाइयों को लेकर खासी सतर्कता बरतने की जरूरत है। जरा सी असावधानी आपको मुसीबत में डाल सकती है। मिलावट को लेकर जागरूकता अभियान के तहत जनपद में पहुंची सचल खाद्य जांच प्रयोगशाला में सोमवार को लिए गए नमूनों की जांच में सामने आए तथ्य इस बात को सही साबित करते हैं। मिठाई के अधिकांश नमूने मानक के विपरीत पाए गए। खोवा व छेने की मिठाई में आरारोट व मैदा पाया गया है वहीं चांदी वर्क में एल्युमिनियम के अंश मिले।

सरकार की ओर से जोनवार मोबाइल प्रयोगशालाओं को भेजकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। फूड सेफ्टी आन व्हील्स के तहत उपजिलाधिकारी बांसडीह दुष्यंत कुमार मौर्या ने मोबाइल लैब को हरी झंडी दिखाकर बांसडीह तहसील से रवाना किया। बाजार के आम उपभोक्ताओं के 35 नमूनों की जांच की गई। अरहर व मसूर दाल, हल्दी पाउडर, सरसों तेल, खोवे व छेने की मिठाइयां, बेसन के लड्डू तथा पेठा प्रमुख रूप से जांचे गए। छेना व खोवे की मिठाइयों में मैदा की मिलावट पाई गई। मिठाई में चांदी का वर्क नकली पाया गया। जांचे गए नमूनों में सरसों तेल व पेठा विशुद्ध पाया गया। मनियर बाजार में 16 नमूने, जिनमें प्रमुख रूप से रंगीन मिठाइयां, इमरती, खोवा, छेना, जांचे गए। यहां भी मिठाइयां मानक के अनुरूप नहीं पाईं गईं। 


सचल खाद्य प्रयोगशाला जनपद में प्रति माह आएगी। विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर आम जनमानस को मिलावट के खिलाफ जागरूक करेगी।--दीपक कुमार श्रीवास्तव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, बलिया। 


'