Today Breaking News

Ghazipur: पिता का हत्यारोपित अजहर गिरफ्तार, भेजा गया जेल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. संपत्ति व पारिवारिक विवाद में पिता शहमीर अंसारी की हत्या में आरोपित पुत्र अजहर अंसारी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। थाना निरीक्षक कमलेश पाल ने मीडिया के समक्ष हत्यारोपित पुत्र को प्रस्तुत किया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

संपत्ति के विवाद का मामला

थाना निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि बीते तीन फरवरी को पुत्र अजहर अंसारी ने शहमीर अंसारी पर संपत्ति विवाद में बांस के टोटे से सिर पर वार कर दिया था। इससे वह लहूलुहान हो गए थे। स्वजन उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी के लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी। मां वहीदन बेगम की तहरीर पर एफआइआर दर्ज कर पुलिस सर्विलांस की मदद से अजहर को पकड़ने में जुटी हुई थी। इसी बीच भोर में 3:20 बजे मुखबिर की सूचना पर फुली चट्टी से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर बांस का टोटा बरामद किया गया। थाना लाकर पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल किया।


हत्या के बाद चंदौली भाग निकला था अजहर

हत्या के बाद मां से फोन पर भदोही जाने की बात अजहर ने झूठ बोला था। वह भदौही के बजाय चंदौली गया था। मौत की सूचना के बाद वह परेशान हो उठा था। भदोही के लिए निकले अजहर को लगा कि वहां गए तो आसानी से पकड़ में आ जाएंगे। ऐसे में वह चंदौली में यहां-वहां रहकर दिन काटता रहा। उसके पास पैसे भी नहीं रह गए थे। ऐसे में वह घर के लिए निकला था जहां दबोच लिया गया।