Today Breaking News

झाड़ी में बेहोशी की हालत में मिली रेलकर्मी की बेटी, दुष्कर्म की आशंका

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. देवरिया के भटनी उपनगर के रेलवे कालोनी स्थित झाड़ी में रविवार की सुबह एक रेलकर्मी की पंद्रह वर्षीय बेटी बेहोशी की हालत में मिली। किशोरी के हाथ व पैर बांधे गए थे तथा मुंह कपड़े से बंद कर दिया गया था। किशोरी के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है।

यह है मामला

भटनी रेलवे कालोनी में एक महिला रेलकर्मी अपनी 15 साल की बेटी के साथ रहती है। रात को महिला की ड्यूटी थी, इस बीच पड़ोस में रहने वाले गोरखपुर निवासी रेलकर्मी रात में महिला के आवास पर पहुंचा। उसकी बेटी से पानी मांगा। किशोरी का कहना है कि जब वह पानी लेकर गई तो रेलकर्मी ने उसके सिर पर प्रहार कर दिया। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ। इसकी उसे जानकारी नहीं है। देर रात जब किशोरी की मां ड्यूटी से लौटी तो बेटी की तलाश शुरू कर दी। लेकिन पता नहीं चल सका। आधी रात को भटनी थाना व जीआरपी में  बेटी के गायब होने की जानकारी दी।  भटनी थाना व जीआरपी में मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिला को सुबह मामला देखने की बात  कह कर लौटा दिया। इसके बाद वह अपने आवास पर आ गई।


पुलिस ने शुरू की जांच

सुबह जब किशोरी की पुन: तलाश हुई तो वह कालाेनी स्थित झांड़ी में  बेहोशी की हालत में मिली। किशोरी के दोनों हाथ व पैर बंधे थे। किशोरी को पानी का छींटा डालकर होश में लाया गया। घटना के करीब 8 घंटे बाद पुलिस सुबह घटनास्थल पर पहुंची। घटनास्थल का छानबीन करने के बाद युवती का बयान लिया। प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने कहा कि जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। आरोपित रेलकर्मी का मोबाइल अभी बंद चल रहा है।

'