Today Breaking News

घर लौटने के लिए सोनौली सीमा पर लगी नेपाली नागरिकों की भीड़

गाजीपुर न्यूज़ टीम, महराजगंज. कोरोना के दूसरे लहर में भारत में बढ़ रहे प्रकोप के कारण नेपाली नागरिक भारी तादाद में घर वापसी कर रहे हैं। महानगरों में वीकेंड लॉकडाउन व दिल्ली-महाराष्ट्र में बड़े उद्योग व होटलों के बंद होने से मजदूर तबके के नेपाली नागरिक तेजी से घर लौट रहे हैं। शुक्रवार की शाम चार बजे तक 129 नेपाली नागरिक महराजगंज के सोनौली सीमा से नेपाल में प्रवेश किए।

शुक्रवार को दिल्ली, महाराष्ट्र व गुजरात से भारी तादाद में नेपाली नागरिक सोनौली बॉर्डर पहुंचे। इन्हें नेपाल की बेलहिया पुलिस ने जांच के बाद नेपाल में प्रवेश दिया। वहीं, बड़ी संख्या में नेपाली नागरिकों की वापसी को लेकर नेपाली प्रशासन चौकन्ना है। भारत से नेपाल जाने वाले सभी लोगों को पहचान के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। भारतीय होने पर उन्हें सीमा से ही वापस लौटा दिया जा रहा है।


नेपाली सीमा बेलहिया में बना सेंटर

बड़ी संख्या में नेपाली मजदूर, कामगार नेपाल अपने घरों को लौटने शुरू हो गए हैं। नेपाल में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए नेपाली प्रशासन ने अभी से कमर कस लिया है। इसको लेकर रुपन्देही जिले के स्वास्थ्य विभाग ने सीमा से सटे बेलहिया में अस्थाई होडिंग सेंटर बनाया है। इसमें भारत से आने वाले नेपाली नागरिकों की जांच की जाएगी और रिपोर्ट आने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। जिला चिकिसाधिकारी रुपन्देही डॉ. राजेन्द्र गिरी ने बताया कि होडिंग सेंटर में भारत से आने वाले नेपाली नागरिकों का परीक्षण किया जाएगा।


स्वास्थ्‍य मंत्री ने किया निरीक्षण

भारत से सैकड़ों की तादाद में वापस घर लौट रहे नेपाली नागरिकों के सोनौली सीमा पर पहुंचने की सूचना के बाद सरहद पर अपनाई जा रही जांच प्रकिया की प्रदेश नम्बर पांच के स्वास्थ मंत्री लीला गिरी ने दौरा कर जायजा लिया। होडिंग सेंटर को देखा और बताया कि जांच के बाद ही किसी को आगे भेजा जाए।


सीमा से केवल नेपाली नागरिकों को ही जांच के बाद एंट्री दी जाएगी। इसके लिए सीमा नाका पर डॉक्टरों के साथ पुलिस व सशस्त्र बल के जवान सहयोग में लगाए गए हैं। जवान जांच में मेडिकल टीम का सहयोग कर रहे हैं।-आसमान तमांग, जिलाधिकारी-रुपन्देही-नेपाल

'