Today Breaking News

Ghazipur Corona Update: 258 मिले कोरोना संक्रमित, 3 संक्रमित मरीजों की मौत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को कोरोना संक्रमित तीन मरीजों की मौत हो गई है। वहीं 258 मरीजों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। संक्रमित मरीजों के परिजनों का सैंपल लेकर मेडिकल टीम जांच के लिए बीएचयू भेज दिया है। वहीं परिजनों को मेडिकल टीम ने होमक्वारंटीन रहने का निर्देश दिया है। जिला अस्पताल के चार स्टाफ संक्रमित मिले है।

कोरोना का संक्रमण जनपद मे तेजी से फैलने लगा है। संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर लगातार जागरुकता अभियान चलाए जा रहें है। संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने से नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। अब कुल संक्रमितों की संख्या 6915 हो गई है। जिसमें 1476 मरीजों का चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है। 5337 मरीज अस्पताल से ठीक होकर वापस अपने घर पहुंच गए हैं तो इलाज के दौरान 102 लोगों की जान भी जा चुकी है। 


अबतक तीन लाख 52 हजार 277 संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच की गई है, जिसमें तीन लाख 39 हजार 368 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरोना के नोडल व एसीएमओ डा. उमेश कुमार ने बताया कि संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। 258 मरीज संक्रमित मिले है। संक्रमण के प्रसार को फैलने से रोकने के लिए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। घर से निकलने से पूर्व मास्क जरुर पहने, वहीं बाजारों में उचित दूरी का पालन करें। कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। आशा व आंगनबाडी घर-घर जाकर लोगों को कोरोना से बचाव के लिए जागरुक कर रहीं है।