Today Breaking News

Ghazipur: खारिज होते-होते बचा भाजपा समर्थित प्रत्याशी का पर्चा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मनिहारी ब्लाक पंचम के वार्ड नंबर 21 से भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य के रूप में चुनावी मैदान में उतरीं वंदना यादव के पर्चा को लेकर घंटों पंचायत चली। अंतत: उनके चुनाव लड़ने पर मुहर लग गई।

दरअसल, एडीएम राजेश कुमार सिंह पर जिला पंचायत के नामांकन पत्रों के जांच की जिम्मेदारी थी। उन्होंने पाया कि बंदना का प्रस्तावक विजय छेदी का नाम वार्ड संख्या 21 में नहीं है। चूंकि आयोग के गाइड लाइन के अनुसार प्रस्तावक उसी वार्ड का होना चाहिए। ऐसे में पर्चा खारिज होने का खतरा मंडराने लगा। इसकी जानकारी से हलचल मच गई। बाद में मामला सीडीओ तक गया। फिर डीपीआरओ कार्यालय से जांच के बाद बकायदा लिखकर दिया गया तब जाकर पर्चा वैध माना गया। उधर, अन्य 17 पर्चे किन्हीं न किन्हीं कारणों से निरस्त किए गए, जबकि अंतिम रिपोर्ट आनी बाकी थी। नामांकन पत्रों की जांच के बाद बुधवार को नाम वापसी और तीन बजे से चुनाव चिन्ह का वितरण उम्मीदवारों को किया जाएगा।


पहले की सूची के मुताबिक प्रस्तावक विजय छेदी का नाम वार्ड संख्या 21 में नहीं था। बाद में डीपीआरओ ने लिखकर दिया कि यह बूथ दो वार्डो में बंटा है। उनसे लिखित जानकारी मिलने के बाद पर्चा वैध माना गया।-राजेश कुमार, एडीएम।

'