Today Breaking News

बनारस में बसपा की जिला पंचायत सदस्य भाजपा में शामिल, एक निर्दल समेत चार अन्य ने भी ली सदस्यता

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में उम्मीद से कम सीटें मिलने के बाद से भाजपा जिला पंचायत की सरकार बनाने के लिए मजबूत पहल शुरू कर दी है। इसको लेकर भाजपा की जिला इकाई पर सिर्फ निर्भरता नहीं है बल्कि पूरा काशी क्षेत्र लगा है। इसका ही परिणाम है कि शुक्रवार को बसपा समर्थित एक जिला पंचायत सदस्य को तोड़ने में भाजपा सफल हुई। सर्किट हाउस में क्षेत्रीय अध्यक्ष महेशचंद श्रीवास्तव की मौजूदगी में बसपा की जिला पंचायत सदस्य पुष्पाजंलि पटेल भाजपा में शामिल हो गईं।

इनके अलावा निर्दल सदस्य उषा मौर्या ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। इसी क्रम में जिला पंचायत सरकार में मजबूती से पैर जमाए पूर्व पदाधिकारियों काे भी अपने पक्ष में करने में सफलता हासिक की। बसपा व निर्दल जिला पंचायत सदस्या के अलावा तीन पूर्व जनप्रतिनिधयों को भी भाजपा में शामिल कर शपथ दिलाई गई। इसमें पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल पटेल, कुंवर पटेल व प्रदीप पटेल प्रमुख हैं। इस बार जिला पंचायत सदस्य की सीट पिछड़ा महिला आरक्षित बताई जा रही है। इसे देखते हुए जिला पंचायत के पूर्व पदाधिकारियों का भाजपा में शामिल होना बड़ी रणनीति की ओर संकेत कर रहे हैं। जातिगत समीकरण को साधते हुए सपा की मजबूत दावेदारी को कुंद करने की तैयारी हो चुकी है। दो नए सदस्य के भाजपा में शामिल होने से प्रत्यक्ष तौर पर संगठन के जिला पंचायत सदस्यों की संख्या नाै हो गई है। इसके अलावा बड़ी संख्या में समर्थन मिलने का दावा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा की ओर से किया जा रहा है। फिलहाल, जिला पंचायत की सरकार बनाने के लिए 21 सदस्याें का पक्ष में होना जरूरी बताया जा रहा है।


इस लिहाज से वर्तमान में ही सपा के पास 15 सदस्य मौजूद हैं जिसे देखते हुए उसकी दावेदारी वर्तमान में मजबूत मानी जा रही है लेकिन जिला पंचायत सरकार गठन के इतिहास देखें तो बड़े उलटफेर की संभावना अंतिम समय तक बनी रहती है। भाजपा में शामिल नए सदस्यों के बाबत क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने कहा कि निश्चित रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी ही विजयी होगा। संगठन निरंतर प्रयासरत है। अधिक से अधिक सदस्यों का समर्थन हमारे दल के प्रत्याशी को मिले, इसके लिए जनप्रतिनिधियों व्र पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। अंदरखाने से चल रहे जोड़-तोड़ के तहत मंत्री अनिल राजभर, विधायक अवधेश सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुजीत सिंह डाक्टर की पहल पर जिला पंचायत सदस्यों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने सभी को अंगवस्त्र देकर भाजपा में सम्मिलित कराया। इस अवसर पर क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, श्रीनिकेतन मिश्र आदि उपस्थित थे।


'