Today Breaking News

जौनपुर जिला पंचायत सदस्य चुनाव में धनंजय सिंह की तीसरी पत्नी श्रीकला जीतीं

गाजीपुर न्यूज़ टीम, जौनपुर. जौनपुर में जिला पंचायत सदस्य के वार्ड नंबर-45 से पूर्व सांसद बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह ने बड़े अंतर से चुनाव जीत लिया है।  जिला पंचायत अध्यक्ष पद की दावेदार मानी जा रहीं श्रीकला ने निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव की पत्नी राजकुमारी देवी को हराया है। 

जौनपुर में जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में हर किसी की निगाह इसी सीट पर टिकी थी। जिला पंचायत के 83 वार्डों में से अधिकांश वार्डों में मतों की गिनती सोमवार की सुबह तक चलती रही। वार्ड नंबर 45 से पूर्व सांसद धनन्जय सिंह की पत्नी श्रीकला धनन्जय सिंह ने पहले चक्र से ही बढ़त बना रखी थी।


अंतिम चक्र तक वह लगातार आगे रहीं। उन्हें कुल 14827 मत प्राप्त हुए, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजकुमारी देवी 3524 ही मत प्राप्त कर सकीं। श्रीकला को 11293 रिकार्ड मतों से जीत मिली है। बरसठी ब्लॉक से मैदान में उतरीं पूर्व सांसद स्व पारसनाथ यादव की पुत्रवधू और मल्हनी विधायक लकी यादव की भयोहू उर्वशी सिंह यादव भी चुनाव में काफी पीछे थीं।


धनंजय की तीसरी पत्नी हैं श्रीकला

श्रीकला धनंजय सिंह की तीसरी पत्नी हैं। उनका ताल्लुक तेलंगाना के रईस परिवार से है। उनके पिता तेलंगाना में विधायक रह चुके हैं। उनके पिता स्वर्गीय जितेंद्र रेड्डी नलगोंडा जिले की कोआपरेटिव के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके पिता निर्दल विधायक भी रहे हैं। अपने माता-पिता की इकलौती संतान श्रीकला ने इंटरमीडिएट की पढ़ाई चेन्नई से पूरी की है और इसके बाद उन्होंने हैदराबाद से बीकॉम की पढ़ाई की। मां भी रह चुकी हैं गांव में सरपंच निप्पो बैटरी ग्रुप से ताल्लुक रखने वाली श्रीकला ने अमेरिका से आर्किटेक्चरल इंटीरियर डिजाइनर का कोर्स किया है और इसके बाद वे इंटीरियर डिजाइनिंग के क्षेत्र में भी उतर चुकी हैं। हैदराबाद, चेन्नई और मुंबई आदि कई शहरों में उनका प्रोजेक्ट चल रहा है। श्रीकला को शास्त्रीय भरतनाट्यम नृत्य कला में भी पारंगत बताया जाता है। उनकी माता ललिता रेड्डी पैतृक गांव और रत्नावरम की सरपंच रह चुकी हैं। 


नामांकन के बाद हुई ताबड़तोड़ छापेमारी

बाहुबली पूर्व सांसद की सोची-समझी रणनीति लखनऊ में हुए बहुचर्चित अजीत सिंह हत्याकांड में पूर्व सांसद धनंजय सिंह का नाम साजिश रखने रचने के आरोप में आया था। इस मामले में उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी और जेल से जमानत पर रिहा हुए थे। पुलिस एक बार फिर उन्हें तलाश रही है। श्रीकला के नामांकन दाखिल करते ही उनके आवास पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई थी। इसके पहले भी श्रीकला ने मल्हनी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में पर्चा दाखिल किया था मगर बाद में उन्होंने नाम वापस लेकर अपने पति के समर्थन में जमकर चुनाव प्रचार किया था। चर्चा है कि श्रीकला जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ेंगी। 

पेरिस में की थी श्रीकला से शादी

बाहुबली धनंजय सिंह ने पेरिस में श्रीकला से शादी की थी। जागृति सिंह से अलग होने के बाद पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने श्रीकला के साथ तीसरा विवाह किया था। फ्रांस की राजधानी पेरिस में शादी के बाद भारत में रिसेप्शन दिया था। उनके रिसेप्शन पार्टी में कई बड़े अफसर और विभिन्न सियासी दलों के नेता भी मौजूद थे। धनंजय ने पहला विवाह 2006 में पटना की मीनाक्षी सिंह मीनू के साथ किया था, लेकिन शादी के 9 महीने बाद ही उन्होंने आत्महत्या कर ली। इस मामले को लेकर भी खूब होहल्ला मचा था और मामले को संदिग्ध माना गया था। इसके बाद धनंजय सिंह ने पेशे से डॉक्टर जागृति सिंह के साथ दूसरा विवाह किया था। जागृति सिंह पर दिल्ली में नौकरानी की पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगा था। इस आरोप के बाद दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई थीं। नौकरानी की हत्या के मामले में धनंजय और जागृति दोनों को जेल की हवा खानी पड़ी थी। मौजूदा समय में दोनों जमानत पर चल रहे हैं। इसके बाद 2017 में धनंजय ने श्रीकला रेड्डी के साथ तीसरा विवाह किया था।

'