Today Breaking News

झूठे सेवा कार्य का बखान कर रही भाजपा सरकार - अखिलेश यादव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के 'सेवा ही संगठन' अभियान पर कटाक्ष किया है। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा ने अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य व कानून व्यवस्था सबको बर्बाद कर रसातल में पहुंचा दिया फिर भी गांव-शहर तक अपने झूठे सेवा कार्य की कहानियां बखानने जा रहे हैं।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को एक बयान जारी कर कहा कि अस्पतालों में इलाज-दवा-आक्सीजन के अभाव में तड़प कर और कफन-दफन के बिना मरे हुए लोगों की आत्माएं भाजपा सरकार की कथित उपलब्धियों की सबसे बड़ी गवाह हैं।


सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई और गिरती अर्थव्यवस्था ने भारतीयों के जीवन ढांचे को ही बदल कर रख दिया है। वर्ष 2020-2021 में जीडीपी की दर में आठ प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। शहरों में बेकारी दर 17.4 प्रतिशत बढ़ गई है। लगभग 23 करोड़ लोग फिर गरीबी रेखा से नीचे आ गए हैं। लोगों की आय घटी है। एक करोड़ से अधिक की नौकरी चली गई।


सपा प्रमुख ने कहा कि कोरोना संकट से अभी भी न निपटने की नीति है, न नीयत है। इस महामारी से निपटने में भाजपा सरकार की विफलता जगजाहिर है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री झूठ की नाव में सवार होकर अपनी उपलब्धियों का बखान करते रहे। नतीजा यह निकला कि कोरोना महामारी के दूसरे दौर में हाहाकार मच गया।


उन्होंने आरोप लगाया कि खोखली नैतिकता की आड़ में भाजपाई जनता को ठगने का काम कर रहे है। लाखों मौतों के प्रति संवेदनहीनता दिखाने वाली भाजपा सरकार के 'दिन है बचे चार' अब जनता नहीं करेगी माफ।


हर बाजार में सपा व्यापार सभा प्रतिनिधि: समाजवादी व्यापार सभा की राज्य स्तरीय वर्चुअल बैठक में प्रत्येक बाजार में व्यापार सभा का कम से कम एक प्रतिनिधि अवश्य हो। प्रदेश अध्यक्ष संजय गर्ग की अध्यक्षता व महासचिव अभिमन्यु गुप्ता के संचालन में बैठक संपन्न हुई। व्यापारियों के सम्मान की लड़ाई तेज करने का निर्णय लेते हुए कोरोना में मृत व्यापारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

'