Today Breaking News

हाथ में सर्विस रिवाल्‍वर लहराते नशेबाज दारोगा का आतंक, पेट्रोल पंप पर मचाया उत्‍पात, मैनेजर काे दौड़ाया

गाजीपुर न्यूज़ टीम, कुशीनगर. उत्‍तर प्रदेश के कुशीनगर में गुरुवार की रात पेट्रोल-पम्प पर नेबुआ नौरंगिया थाने के नशेबाज दरोगा ने रिवाल्वर लेकर मैनेजर व कर्मचारियों को दौड़ा लिया। कर्मी डर कर भाग गए। इस दौरान वहां डीजल पेट्रोल भरवाने आए वाहन मालिकों को भी दौड़ाया। एक बोलेरो चालक को पीटा भी। दरोगा की रिवाल्वर लहराते हुये वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी। शिकायत पर एडिशनल एसपी ने दरोगा के निलम्बन की कार्यवाई के लिये रिपोर्ट एसपी को भेजी है। 

पंप कर्मियों ने पुलिस को बताया कि नेबुआ नौरंगिया थाने के दरोगा अजय सिंह शराब के नशे में अचानक गुरुवार की रात करीब साढ़े 9 बजे के लक्ष्मीपुर पेट्रोल-पम्प रामायण फिलिंग स्टेशन पर पहुंचे। वहां पहले से कुछ लोग डीजल और पेट्रोल भरा रहे थे। अचानक बिना वर्दी पहुंचे दरोगा ने गाली-गलौज करते हुये एक बोलेरो चालक की पिटाई कर दी। अन्य लोगों को खदेड़ना शुरू कर दिया। जब पेट्रोल-पम्प कर्मियों ने इसका विरोध किया तो दरोगा ने उनके ऊपर रिवाल्वर तान दिया तथा मैनेजर को दौड़ा लिया। फिर ऑफिस में जाकर उत्पात भी मचाया। आरोप है कि दरोगा ने रिवाल्वर की बट से मैनेजर के पेट में कई वार भी किए। दरोगा की यह हरकत सीसीटीवी में कैद हो गयी।


रात को ही पंप एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आदित्य त्रिपाठी ने इसकी जानकारी पुलिस विभाग के बड़े अधिकारियों को दी थी। घटना के बाद सीओ खड्डा मौके पर पहुंचे। तब तक दारोगा भाग चुका था। कर्मियों की बातें सुनने के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर कर्मियों को शांत कराया। सीओ की जांच के बाद एडिशनल एसपी ने दरोगा के निलंबन की रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक कुशीनगर को भेज दी है।


बदले की भावना से पुलिस कर रही उत्पीड़न-पंप संचालक

पम्प के संचालक शोएब अपने पिता के निधन के बाद कानपुर में अपने मां का इलाज करा रहे हैं। उन्होंने फोन पर कहा कि अभी हाल ही में पम्प से फ्री-डीजल की मांग की गयी थी। जिसे देने से इनकार करने पर पुलिस अपना बदला ले रही है। इस सम्बंध में ऑडियो भी वायरल हुआ था जिसकी जांच चल रही है। इस बीच पुलिस के इस व्यवहार से हमारा पूरा स्टाफ डरा सहमा हुआ है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी लिखित रूप से उच्चाधिकारियों को दी गयी है।

'