Today Breaking News

आज बलिया आएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ, कोर कमेटी की मीटिंग में खीचेंगे विकास का खाका

गाजीपुर न्यूज़ टीम, बलिया. तीन दिनों से लग रही अटकलों पर विराम लग गया। विकास कार्य एवं कानून व्यवस्था की नब्ज टटोलने के लिये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को सुबह 11.10 बजे जिले में आ रहे हैं। उनका कार्यक्रम आते ही प्रशासन फास्ट मोड में आ गया। सवेरे छह बजे से डीएम की समीक्षा बैठक शुरू हो गई थी। शहर से लेकर गांवों को चमकाने-दमकाने का काम आरंभ हो गया।

जिला अस्पताल, कोविड वार्ड व कलेक्ट्रेट परिसर में एक-एक कचरा उठाया जा रहा था। चूने का छिड़काव चल रहा था। पुलिस के हेलीपैड स्थल से बारिश का जमा पानी निकाला जा रहा था। उच्च क्षमता के पंप का इस्तेमाल किया जा रहा था। कचहरी के पास गड्ढे भरे जा रहे थे। नगर पालिका ने 90 फीसद सफाई कर्मचारियों को मैदान में उतार दिया। वे सभी कलेक्ट्रेट की दीवारों में रंग भर रहे थे। सरकारी कार्यालय में बुकलेट तैयार किये जाते रहे। हर कोई आंकड़ाें की बाजीगरी मेें जुटा रहा। जिला अर्थ एवं संख्या विभाग सारे विभागों से आंकड़े अपडेट करता हुआ दिखा। मुख्यमंत्री बलिया में चार घंटे रहेंगे। चूंकि वह लंबा वक्त गुजारेंगे, इसलिये प्रशासन व्यवस्था में कोई ढील नहीं देना चाह रहा है। बता दें कि जुलाई 2020 में सीएम योगी बलिया में डेढ़ घंटे रुके थे, उन्होंने सिर्फ कोविड को लेकर अस्पताल का निरीक्षण और प्रशासन के साथ बैठक की थी।


सुबह आएंगे, दोपहर में जाएंगे मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री योगी सुबह 11.10 बजे बलिया आ जाएंगे। इसके बाद वह जिला अस्पताल व कोविड, नॉन कोविड, पीकू (पीडियाट्रिक इंसेटिव केयर यूनिट) वार्ड व वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण करेंगे। यहां से वे एक गांव की स्थिति देखेंगे, उनका गांव में आधा घंटा समय गुजरेगा। बाद में विकास कार्य, कानून व्यवस्था व कोविड नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा भी करेंगे। इसमें पुलिस, स्वास्थ्य व प्रशासनिक अफसरों के अलावा जनप्रतिनिधियों की भी भागीदारी होगी। वे दोपहर 3.10 बजे बलिया से निकलेंगे।


सीएम का मिनट टू मिनट

  • 11.10 बजे : मुख्यमंत्री का राजकीय हेलीकाप्टर पुलिस लाइन स्थित हैलीपैड पर उतरेगा।
  • 11.15 बजे : पुलिस लाइन से प्रस्थान करेंगे।
  • 11.25 बजे : जिला अस्पताल कार से पहुंचेंगे।
  • 11.25 से 11.40 बजे : कोविड, नॉन काेविड व पीकू वार्ड का निरीक्षण करेंगे।
  • 11.40 बजे : जिला अस्पताल से प्रस्थान।
  • 11.50 बजे : वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण करेंगे।
  • 12.05 बजे : गांव पहुंचेंगे।
  • 12.35 बजे तक : गांव का निरीक्षण व प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना अंतर्गत नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण कार्यक्रम का जायजा और निगरानी समिति के सदस्यों के संवाद।
  • 12.35 बजे : गांव से निकलेंगे।
  • 12.50 बजे : कलेक्ट्रेट सभागार पहुूंचेंगे।
  • 12.55 से 1.25 बजे तक : जनप्रतिनिधियों एवं जनपद के कोर ग्रुप के साथ बैठक।
  • 1.25 से 2.10 बजे तक : जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विकास कार्य, कानून व्यवस्था व कोविड नियंत्रण कार्य की समीक्षा बैठक।
  • 2.10 से 2.40 बजे तक : आरक्षित।
  • 2.40 से 2.55 बजे तक : मीडिया ब्रीफिंग
  • 2.55 बजे : कलेक्ट्रेट से प्रस्थान।
  • 3.05 बजे : पुलिस लाइन बलिया पहुंचेंगे।
  • 3.10 बजे : राजकीय हेलीकाप्टर से बनारस के लिये प्रस्थान।


मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के आगमन को राजनीतिक दृष्टिकोण से भी अहम माना जा रहा है। वे जनप्रतिनिधि व पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मंथन भी करेंगे। उनके साथ होने वाली बैठक में शामिल होने को जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने प्रमुख नेता व पदाधिकारियों को बुलाया भेजा है। मंत्रीद्वय उपेंद्र तिवारी व आनंद स्वरूप शुक्ल, बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, सलेमपुर सांसद रवींद्र कुशवाहा, राज्यसभा सदस्य नीरज शेखर, सकलदीप राजभर, प्रादेशिक पदाधिकारी दयाशंकर सिंह, क्षेत्रीय पदाधिकारी देवेंद्र यादव, सुनीता श्रीवास्तव, साकेत सिंह सोनू, आलोक शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दुबे, विधायक सुरेंद्र सिंह, संजय यादव, धनंजय कन्नौजिया, दो जिला महामंत्री शामिल रहेंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि इसमें मुख्यमंत्री के संदेशों को सुना जाएगा। साथ ही जिले में चल रही विकास को आगे बढ़ाने, कटान से निजात दिलाने व जिले में उद्योग स्थापित करने समेत आदि मुद्दे पर चर्चा की जाएगी।


जिपं अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख चुनाव पर हो सकती है चर्चा

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद अब सभी दलों की निगाह जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख चुनाव पर है। मुख्यमंत्री का आगमन राजनीतिक विशेषज्ञ इसे जिला पंचायत अध्यक्ष व 17 ब्लाकों में होने वाले प्रमुख पद के चुनाव से भी जोड़ कर देख रहे हैं। कई ब्लाकों पर प्रमुख पद को लेकर रस्साकशी भी चल रही है। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए केवल बसपा ने अभी तक अपना पत्ता खोला है।

'