जीजा की जगह पुलिस की नौकरी करने वाला साला गिरफ्तार, दोनों आरोपितों को भेजा जेल
गाजीपुर न्यूज़ टीम, मुरादाबाद. सिपाही की वर्दी पहनकर जीजा की जगह ड्यूटी करने के दूसरे आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ठाकुरद्वारा पुलिस ने तिकोनिया चौराहे से उस समय गिरफ्तार किया जब वह दूसरे जनपद में भागने की फिराक में था। पुलिस ने दोनों आरोपितों से पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की।
एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि सिपाही को निलंबित करने के साथ ही विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र में पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) में तैनात सिपाही अनिल कुमार अपने स्थान पर साले सुनील को ड्यूटी कर लगा रखा था। वह लगभग पांच साल से जनपद की पीआरवी में तैनात होकर ड्यूटी कर रहा था। लेकिन, पुलिस विभाग के अफसरों को कोई भनक तक नहीं लगी। बीते दिनों अफसरों को एक अज्ञात शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर जब इस मामले की जांच की गई तो पूरा मामला पकड़ में आया।
ठाकुरद्वारा में तैनात सिपाही अनिल कुमार निवासी मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली थानाक्षेत्र के दाहोड़ गांव निवासी है। वह वर्ष 2011 बैच का सिपाही है। आरोपित सिपाही के स्थान पर उसका साला सुनील कुमार निवासी कंधारी थाना खतौली जनपद मुजफ्फरनगर के द्वारा ड्यूटी की जा रही थी। सीओ ठाकुरद्वारा ने बताया कि आरोपित सिपाही अनिल कुमार को गिरफ्तार करने के साथ ही दोनों जीजा-साले के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई थी।
शनिवार को ठाकुरद्वारा के तिकोनिया चौराहे के पास सुबह करीब साढ़े नौ बजे आरोपित फर्जी सिपाही सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपित के पास से पुलिस की वर्दी भी बरामद की है। पूछताछ में उसने बताया कि अनिल उसका पुराना दोस्त था। बीएड करने के बाद उसकी काउंसिलिंग सीतापुर में हुई थी। इसी दौरान उसने साल 2016 में अपना ट्रांसफर लेटर देकर मुरादाबाद में सिपाही के पद पर ज्वाइनिंग करने के लिए भेज दिया था। पुलिस की पूछताछ में आरोपित सिपाही ने बताया उसने अभी तक टीचर के पद पर नौकरी ज्वाइन नहीं की है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
