Today Breaking News

बारिश में भीगने के लिए हो जाएं तैयार, अगले कुछ घंटों में दस्‍तक देगा मानसून

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. माह भर में दो चक्रवात और भीषण गर्मी संग उमस को झेलने वालों के लिए मानसूनी बादल अब जल्‍द बारिश की सौगात लेकर पहुंच रहे हैं। जी हां, मानसून अपने तय समय से लगभग सप्‍ताह भर पहले ही उत्‍तर प्रदेश में पूर्वांचल के रास्‍ते दस्‍तक देने जा रहा है। कई दिनों से मानसून की सुस्‍त गति को अब विगत 48 घंटों से और रफ्तार कुछ यूं मिली कि देखते ही देखते मध्‍य प्रदेश और छत्‍तीसगढ़ तक का आधा सफर मानसून की वास्‍तविक रेखा ने पार कर लिया है। मानसून की गति को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि जिस गति से दो दिनों में मानसून ने रफ्तार हासिल की है उससे अगले 12-24  घंटों में मानसून सोनभद्र के रास्‍ते यूपी में पूर्वांचल के रास्‍ते दस्‍तक दे देगा। 

मौसम विज्ञानियों ने पूर्व में ही मानसून की सक्रियता और इसके जल्‍द आगमन के संकेत दिए थे। हालांकि, मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान था कि पूर्वांचल में मानसूनी हालात 20 जून को सक्रिय हो सकते हैं। मगर, मौसम का रुख ऐसा बदला कि देखते ही देखते मानसूनी सक्रियता अब पूर्वांचल के पड़ोसी राज्‍यों बिहार, छत्‍तीसगढ़ और मध्‍य प्रदेश तक आ पहुंचा है। गुरुवार की दोपहर मौसम विभाग की ओर से जारी चार्ट के अनुसार मानसून उत्‍तर पूर्व बिहार में जहां ठहरा हुआ है वहीं दक्षिण की ओर से मानसूनी सक्रियता देखते ही देखते मध्‍य प्रदेश और छत्‍तीसगढ़ आदि राज्‍यों को आधा पार कर पूर्वांचल के करीब आ पहुंचा है। 


सोनभद्र के रास्‍ते यूपी में मानसून की दस्‍तक : प्रत्‍येक वर्ष उत्‍तर प्रदेश में सोनभद्र जिला जो मप्र, छत्‍तीसगढ़, झारखंड और बिहार से सटा है वहां पर मानसून की यूपी में पहले दस्‍तक होती है। इस बार भी जो हालात बने हैं उससे उम्‍मीद लगाई जा रही है कि अगले 48 घंटों में सोनभद्र जिले में यूपी में सबसे पहले मानसूनी बादलों की आमद हो जाएगी। मानसून सोनभद्र में दस्‍तक देने के बाद करीब सप्‍ताह भर में प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक पहुंच जाएगा। वहीं मानसून की यही सक्रियता बनी रही तो अगले दो सप्‍ता‍ह के भीतर देश की राजधानी नई दिल्‍ली में भी मानसूनी सक्रियता नजर आने लगेगी।


मानसून की वर्तमान स्थिति : मानसूून इस समय मध्‍य प्रदेश और छत्‍तीसगढ़ आदि राज्‍यों को आधा पार कर चुका है। नाॅर्थ वेस्‍ट मानसून जहां इस समय पश्चिम बंगाल और बिहार के उत्‍तर पूर्व को छू रहा है वहीं पर नॉर्थ ईस्‍ट मानसूनी रेखा मध्‍य प्रदेश को आधा पार कर चुकी है। यह रेखा अनुमान से पांच दिन पूर्व आगे पहुंच चुकी है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि अगर मानसूनी सक्रियता का यही क्रम जारी रहा तो अगले कुछ घंटों में मानसूनी सक्रियता उत्‍तर प्रदेश में सोनभद्र के रास्‍ते दस्‍तक दे देगी।

'