Today Breaking News

ओमप्रकाश राजभर के विवादित बोल, कहा...'भाजपा नेताओं ने मुस्लिमों से की शादी'

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने संघ प्रमुख मोहन भागवत के गत दिनों दिए गए डीएनए संबंधित वक्तव्य पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं व उनके परिवार के लोगों ने मुसलमानों से शादी की है या परिवार के सदस्य की कराई है। 

इस लिए उनका डीएनए टेस्ट एक ही होगा, वह अलग कैसे होगा। आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नेता गरीब, कमजोर, पिछड़ों व हिंदू-मुसलमान को आपस में लड़ाते हैं। भाजपा की चाल और चरित्र जनता समझ चुकी है। अब उनके बहकावे में आने वाली नहीं है। आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।


गत दिवस सर्किट हाउस में राजभर ने कहा कि भाजपा के लोग गोरक्षा की बात करते हैं लेकिन दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में गाय की बिक्री पर कुछ नहीं बोलते हैं। भाजपा एक जुमला पार्टी है, इनके नेता जनता को गुमराह करने के लिए कुछ भी करने को तैयार रहते हैं। कहा कि मुसलमान अपने हक की लड़ाई के लिए तैयार रहें व एकजुट होकर भाजपा को हराएं। आरोप लगाया कि सीबीआइ, ईडी, आरबीआइ और प्रमुख स्थानों पर गुजरात के लोग बैठे हैं।


अपनी बात मनवाने के लिए भाजपा जांच एजेंसी उनके पीछे लगा देती है। जांच के डर से लोग विवश होकर उनकी बात मानने को तैयार हो जाते हैं लेकिन अंदर से वे पार्टी से नहीं जुड़े हैं। समय आने के साथ जनता भाजपा को इसका जवाब देगी। कहा कि प्रदेश में भागीदारी संकल्प मोर्चा की सरकार बनने पर घरेलू बिजली बिल माफ, गरीबों का निश्शुल्क उपचार, सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू करने के साथ ही सामान्य शिक्षा, अनिवार्य शिक्षा व मुफ्त शिक्षा नीति लागू की जाएगी। कहा कि उत्तराखंड में पिछले चार साल में तीन मुख्यमंत्री बने हैं। भाजपा-बसपा में छह-छह माह के लिए मुख्यमंत्री बनने का समझौता हुआ था। कहा कि संकल्प मोर्चा में 10 पार्टियां हैं। आपस में अंतरकलह पैदा न हो, इसके लिए तय किया गया कि भागीदारी संकल्प मोर्चा की सरकार में पांच साल में पांच सीएम और 20 डिप्टी सीएम बनाएंगे।

'