Today Breaking News

अब 12 घंटे में रेल यात्री नई दिल्ली से पहुंच जाएंगे हावड़ा, 160 किमी प्रतिघंटे से ट्रेनें फर्राटा भरेंगी, चल रहा कार्य

गाजीपुर न्यूज़ टीम, चंदौली. रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे मिशन दिल्ली से हावड़ा तक महज 12 घंटे में पहुंचाने के लिए काम कर रहा है। 1500 किलोमीटर लंबे रेलमार्ग पर जल्द ही 160 किमी प्रतिघंटे से ट्रेनें फर्राटा भरेंगी। 

ग्रैंडकार्ड रेलखंड पर गति सीमा में वृद्धि के लिए 6975 करोड़ रुपये की लागत से ढांचागत सुधार कार्य चल रहा है। वहीं धनबाद मंडल के प्रधान खांटा से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक 417 रूट पर 2050 करोड़ की लागत से व्यवस्था में सुधार हो रहा। गति बढ़ने से यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। अभी तक इस रेलखंड पर 130 किमी की गति से ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।


चालू वित्त वर्ष में पूर्व मध्य रेल को इस परियोजना को पूर्ण करने के लिए 408 करोड़ रुपये का आवंटन हुआ है। इस रूट के बन जाने से यात्री परिवहन के साथ-साथ माल परिवहन में भी गति आएगी। ढांचागत सुधार के बाद क्षमता वृद्धि होने से इस रेलखंड पर बिना किसी अवरोध के ज्यादा से ज्यादा ट्रेनों के परिचालन का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। रेलखंड पर मिट्टी के कार्य, बलास्ट, थीक वेब स्वीच आदि का चल रहा है। 


इसमें यार्ड रिमाडलिंग का कार्य भी पूरा किया जाएगा। साथ ही इलेक्ट्रानिक इंटरलाकिंग, यूरोपियन ट्रेन कंट्रोल सिस्टम (इटीसीएस) मानक स्थापित किए जाएंगे। इनमें रेलवे ट्रैक का नवीनीकरण, रेल पुलों का उन्नयन, सिग्नल प्रणाली का आधुनिकीकरण जैसे कार्य कार्य शामिल हैं। इस  दिशा में रेलवे की ओर से लगतार तेजी से कार्य हो रहा है। जल्‍द से जल्‍द रेल यात्रियों को हाई स्‍पीड रेल का लाभ मिलेगा। अभी तक इस रेलखंड पर 130 किमी की गति से ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।


गति सीमा बढ़ने से यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा

ट्रेनों की गति 160 किमी प्रति घंटा करने के लिए रेलखंडों के विभिन्न रूटों पर कार्य चल रहा है। गति सीमा बढ़ने से यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा।- राजेश कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्व मध्य रेलवे

'