Today Breaking News

सपा की सरकार बनाकर अखिलेश यादव को दिया जाएगा जन्मदिन का तोहफाः ओमप्रकाश सिंह

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पार्टी कार्यालय समता भवन पर गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। नेताओं-कार्यकर्ताओं ने केक काटकर सपा सुप्रीमों को हैप्पी बर्थ डे टू यू बोलते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री ने ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि 2022 में पार्टी की सरकार बनाकर पूर्व सीएम अखिलेश यादव को जन्मदिन का तोहफा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने विकास कार्यों से जाने जाते है। उन्होंने अपने कार्यकाल में विकास की जो गंगा बहाई, उसे आज भी प्रदेश की जनता याद करती है। भाजपा की गलत नीतियों एवं कार्यों से जनता ऊब चुकी है और सपा की तरफ आशाभरी नजरों से देख रही है। जंगीपुर विधायक डा. विरेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश में अच्छी सरकार सपा के शिवाय और कोई दूसरी पार्टी नहीं चला सकती है। क्योंकि सपा हर जाति-वर्ग का सम्मान करती है। 


भाजपा की तानाशाही का जवाब जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में देंगी। उन्होंने नेताओं-कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि आज सपा सुप्रीमों के जन्मदिन पर इस बात का संकल्प लें कि 2022 में हर हाल में पार्टी की सरकार बनानी है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, राजेश राय पप्पू, विवेक सिंह शम्मी, आमिर अली, व्यापारी नेता असलम खां, जमाल अहमद, पूर्व प्रमुख विजय यादव, पूर्व एमएलसी काशीनाथ यादव, मीडिया प्रभारी अरुण श्रीवास्तव, अधिवक्ता रामयश यादव, सुदर्शन यादव सहित दर्जनों नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।

'