Today Breaking News

ग्राम पंचायतों में प्रत्यक्ष रूप से होगा रोजगार सृजन, गाजीपुर जिले में अब ठीक ढंग से होगा योजनाओं का क्रियान्वयन

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. प्रदेश सरकार की ओर से ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक/ एकाउंटेंट सह डाटा एंट्री आपरेटर का पद सृजन करने से ग्रामीणों में खुशी है। सभी लोग सरकार के इस निर्णय की सराहना कर रहे हैं। इससे ग्राम पंचायतों में प्रत्यक्ष रूप से रोजगार सृजन होगा। अब गांव के पंचायत भवन पर ही पेंशन, आवास, राशन कार्ड, शौचालय निर्माण, मनरेगा सहित अन्य समस्याओं का निदान हो जाएगा। पंचायत चुनाव के बाद ग्रामीण सरकार बनने से गांव वालों की उम्‍मीदें भी काफी बढ गई है। इससे विकास की गति बढने से लोगों को आर्थिक लाभ होगा।

ग्रामीणों को तमाम तरह की समस्याओं को लेकर आए दिन सामना करना पड़ता था। विभिन्न कार्यों व समस्याओं को लेकर आए दिन सचिवों को खोजते हुए ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचते थे। फिर भी उनका काम आसानी से नहीं होता था। भागदौड़ के चक्कर में सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन भी ठीक ढंग से नहीं हो पाता था।


सरकार के निर्णय की सराहना

सरकार का यह निर्णय काफी सराहनीय है। गांव के लोगों को अब विभिन्न कार्यों हेतु ब्लाक पर बेवजह नहीं दौड़ाना पड़ेगा। साथ ही विकास कार्य की जानकारी भी हमेशा होती रहेगी।-सुरेश प्रजापति, मलेठी।


परेशानी से मिलेगी निजात

सबसे ज्यादा इसका फायदा गांव की महिलाओं व बुजुर्गों को होगा, जो अपने विभिन्न समस्याओं के लिए ब्लाक पर नहीं जा पाते थे। अब उन्हें इस परेशानी से निजात मिल जाएगी। पंचायत भवन पर गांव के कार्यों का अपडेट विवरण मिलता रहेगा।-संतोष यादव, शिक्षक दुल्लहपुर।


गांवों का होगा विकास

इस पद पर महिलाओं की भी नियुक्ति होगी। गांव की शिक्षित महिलाओं के निश्चित तौर विकास कार्यों की रुपरेखा तय कर सकती हैं।-साधना तिवारी, बद्दोपुर।


गांव में ही मिलेगी सुविधा

अब सभी सुविधा गांव में ही मिल जाएगी। इससे अच्छा क्या हो सकता है। साथ ही युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। सरकार का यह निर्णय सराहनीय है।-डा. शंभूनाथ यादव, प्रधान प्रतिनिधि, शिकारपुर।

'