Today Breaking News

मौसम अपडेट: सक्रिय हो रहा मानसून, शुक्रवार से बादल होंगे मेहरबान

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. जुलाई के पहले पखवारे में मानसून का असर बेहद औसत रहा। अब तक 122 मिलीमीटर बारिश हुई है। जबकि जुलाई में औसतन 383 मिलीमीटर बारिश होती है।

लेकिन मौसम विशेषज्ञ इससे चिंतित नहीं है। मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि बीते एक पखवारे में पूर्वी यूपी में एक भी मजबूत सिस्टम नहीं बना था। स्थानीय स्तर पर गर्मी व उमस के कारण लोकल सिस्टम तैयार हुआ था। जिससे गोरखपुर व बस्ती मंडल के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई थी। 


बुधवार को भी जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्व हवाएं चली।


उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी में मजबूत सिस्टम बना है। यह छत्तीसगढ़ व बिहार होते हुए यूपी की तरफ बढ़ रहा है। जिसका असर शुक्रवार से दिखेगा। शुक्रवार के बाद मौसम बदलेगा। मंडल के सभी जिलों के आसमान में बादल छाएंगे। झमाझम बारिश होगी। इसे मंडलीय बारिश कहते हैं।

'