Today Breaking News

सेक्स रैकेट चलाती थी शातिर महिला, झारखंड पुलिस ने किया अरेस्ट

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. राजस्थान के युवक से शादी के नाम पर एक लाख 70 हजार रुपये ऐंठने वाली महिला सेक्स रैकेट चलाती थी। झारखंड के धनबाद बाघमारा थाने में महिला सलमा खातून, पति सोइम अंसारी, दो बेटों व दो अन्य के खिलाफ लड़कियों का अपहरण करने, दुराचार व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। कपसेठी पुलिस ने झारखंड पुलिस से संपर्क किया तो पूरी कुंडली देख हैरत में पड़ गई। झारखंड पुलिस महिला व उसके भाई को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।

झारखंड राज्य के बाघमारा थाने के एसआई प्रमोद कुमार और सिपाही पंकज कुमार ने बताया कि महिला और अन्य पर मुकदमा दर्ज होने के बाद से सभी फरार थे। ये अपने घर पर भोली भाली लड़कियों को बहला-फुसलाकर लाती थी और देह व्यापार कराती थी। मौका मिलने पर उन्हें बेच भी देती थी। प्रमोद कुमार के अनुसार उक्त महिला ने राजस्थान के युवक से 10वीं शादी की थी। इसी तरह से शादी का झांसा देकर लोगों को लूटती थी और फरार हो जाती थी। इस बार वह खुद के जाल में फंस गई। राजस्थान चली गई होती तो मिलना मुश्किल था। बता दें कि गुरुवार को राजस्थान के युवक से शादी कर उनसे रुपये ऐंठने के बाद कपसेठी में शोर मचाते हुए कार से कूद गई थी। बताया था कि युवक अपहरण कर ले जा रहे हैं। कपसेठी पुलिस ने जब पूछताछ की तो मामला दूसरा निकला।


पुलिस वाहन से कूदकर भागी, पकड़ी गई

झारखंड पुलिस कस्टडी में लेकर गाड़ी में बैठा रही थी। तभी पुलिस को चकमा देकर भाग निकली। पुलिस जब तक इसको संभालती, तब तक उसके परिजन भी वाहन से कूदकर भागने लगे। इसमें दो दिन पहले ही झारखंड में जेल से छूटा उसका भाई शादाब परवीन भी था। सभी के भागने के दौरान कपसेठी थाने में अफरातफरी मच गई। किसी तरह ग्रामीणों की मदद से सभी को पकड़ा जा सका। झारखंड पुलिस अपने साथ ले गई।