Today Breaking News

कई क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण गाजीपुर में बढ़ गया कर्मनाशा का जल स्तर, ये गांव डूबे

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले में मूसाखंड बांध, नवगढ़, लतीफशाह व दुर्गावती से कई क्यूसेक पानी गुरुवार की रात छोड़े जाने के कारण दिलदारनगर क्षेत्र में कर्मनाशा का जल स्तर तेजी से बढ़ गया है। इसके कारण क्षेत्र का केसरुवा गांव के चारों तरफ बाढ़ का पानी लग गया है। 

इसके कारण तटवर्ती जबुरना, सिहानी, चित्रकोनी, ताजपुरकुर्रा गांव के सीवान भी बाढ़ का पानी धीरे-धीरे प्रवेश करने लगा है। इसके कारण लगभग सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न हो गयी है। जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान जबुरना सरफराज खान के साथ हल्का के लेखपाल तौकीर हसन मौके पर जाकर स्थित की जायजा लेकर केसरुवा के लोगों को आने-जाने के लिए एक नाव लगाकर रिपोर्ट प्रशानिक अधिकारियों के पास भेजा। 

मालूम हो कि गुरुवार की रात से चंदौली के मूसाखंड बांध, दुर्गावती बांध से पानी छोड़े जाने के कारण ही कर्मनासा के पानी का जल स्तर एकाएक बढ़ गया है। बाढ़ से घिरे केसरुवा गांव के श्यामनारायण, चन्द्रमा, भुवाली, झकड़ी, सेतुबाध, नागिना, चेखरु, जानकी देवी, कस्तूरी देवी, सबीचन्दा देवी, सरफराज खना, खुर्शीद खां, खालिक खान, जावेद खान, नंदू कुशवाहा, झखरी बिन्द, नगीना बिन्द, वंशनारायण यादव आदि ने बताया कि गुरुवार की रात से ही कर्मनाशा में बाढ़ आने के कारण गांव के चारों तरफ पानी भर गया है। 

साथ ही साथ गांव की तरफ जाने का एक मात्र सड़क भी बाढ़ के पानी से डूब गयी है। धान व रबी की फसल भी डूब गयी है। अगर बाढ़ का पानी जल्द नहीं हटा, तो फसल चौपट हो जायेगी। अनाज के लाले पड़ सकते हैं। वहीं गांव में महज एक नाव के जिरये ग्रामीण आ-जा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही और नावों की व्यवस्था कराये जाने की मांग की है।

'