Today Breaking News

गाजीपुर में चार सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहीं गंगा, दहशत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले में गंगा का जलस्तर एक बार फिर से तेजी से बढ़ना शुरू हो गया है। बुधवार को रात भर स्थिर रहने के बाद गुरुवार की दोपहर से चार सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से गंगा का पानी बढ़ने लगा है। शाम चार बजे का जलस्तर 61.510 मीटर रिकार्ड किया गया, जबकि खतरे का निशान 63.105 है। अगर यही रफ्तार बनी रही तो दो दिनों में गंगा इसे पार कर जाएंगी। गंगा को बढ़ते देख जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। सभी अधिकारियों को क्षेत्रों में सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।

नगर ददरीघाट, पोस्ता घाट, स्टीमरघाट, महादेवा घाट, चीतनाथघाट सहित सभी घाटों की सीढि़यों पर पानी चढ़ना शुरू हो गया है। गंगा का पेटा पूरी तरह से भर गया है। मुहम्मदाबाद के शिवराय का पूरा, सेमरा, बच्छलपुरा आदि क्षेत्रों में कटान का खतरा पैदा हो गया है। इससे ग्रामीणों की धुकधुकी बढ़ गई है। कर्मनाशा व गोमती में भी पानी उफान पर है। सक्रिय हो गई हैं 670 बाढ़ चौकियां जिला प्रशासन द्वारा जिले में 670 चौकियां स्थापित की गई हैं। सभी एसडीएम अपने क्षेत्रों में मानीटरिग कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा ऊपर से भी जलस्तर के बारे में पल-पल की जानकारी ली जा रही है।

कटान का खतरा

गाजीपुर जनपद के मुहम्मदाबाद में गंगा के जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती गांव के लोग सहम गए हैं। कटान प्रभावित सेमरा के रामतुलाई से शेरपुर के बीच कटान के अंदेशा से काश्तकार चितित नजर आ रहे हैं। बढ़ाव पर रहने से गंगा के दोनों अरार पूरी तरह से लबालब नजर आने लगे हैं। अब पानी धीरे धीरे नीचे उतरने से कटान प्रभावित सेमरा-शिवरायकापुरा के रामतुलाई से लेकर शेरपुर के बीच कृषि भूमि का कटान हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि ठोकर निर्माण पूर्ण न होना और बिना बोल्डर बोरी के जियो टेक्सटाइल्स ट्यूब डालना खतरे को बढ़ा सकता है।

पूर्वाचल की नदियों के जल-स्तर में उतार-चढ़ाव जारी

पूर्वाचल में गंगा और सरयू के जलस्तर में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। वाराणसी में गुरुवार को गंगा का जलस्तर 60.69 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी बिंदु 70.26 मीटर है। यही स्थिति भदोही, मीरजापुर, चंदौली में भी है। गंगा की वजह से वरुणा में गंगा के पलट प्रवाह से पानी बढ़ रहा है। इस बीच जौनपुर में सई नदी में भी जलस्तर में बढ़ने लगा। इस कारण नदियों के किनारे रहने वाले लोग सहमे हुए हैं।

बलिया में कभी गंगा में तेज बढ़ाव हो रहा है तो कभी सरयू उफान पर हो जा रही हैं। हालांकि गुरुवार से गंगा में बढ़ाव की गति धीमी रही। सरयू तीन दिनों से घटाव की ओर है।

गाजीपुर में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ना शुरू हो गया है। बुधवार को रात जलस्तर स्थिर रहने के बाद सुबह से चार सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से पानी बढ़ने लगा है।

मऊ और आजमगढ़ में सरयू नदी का जलस्तर बीते चार दिनों से स्थिर है। दोहरीघाट के रामपुर में तेजी से कटान जारी है। जलस्तर घटने से आजमगढ़ के देवारा में दुश्वारियां बढ़ने लगी हैं।

सोनभद्र में एक सप्ताह पूर्व बरसात से पहाड़ी नदियां ऊफान पर थी उनमें थोड़ी कमी आई है।

'