Today Breaking News

गोरखपुर में पिता की पिटाई का वीडियो बना रही युवती के पेट में मारी गोली, हालत गंभीर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां गगहा इलाके के भलुवान गांव में पिता की पिटाई का वीडियो बना रही युवती को बदमाश ने पेट में गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शुक्रवार की रात घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, वहीं आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक, गगहा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भलुवान में एक व्यक्ति ने किसी लड़की को गोली मार दी है। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि राजू नयन सिंह व विजय प्रजापति के बीच पैसे के लेनदेन के विवाद में कहासुनी व मारपीट हो रही थी। जिसमें विजय प्रजापति द्वारा राजू नयन सिंह को लाठी डंडे से मारा गया।

इस मारपीट का वीडियो राजू नयन सिंह की लड़की काजल सिंह (18) बना रही थी। इस बीच विजय प्रजापति ने काजल सिंह के पेट में गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गई। उपचार के लिए उसे सदर हॉस्पिटल लाया गया जहां से उसे बीआरडी के लिए रेफर कर दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम लगी है।

पेट में गोली लगने से घायल हो गई काजल

पेट में गोली लगने से काजल गंभीर रुप से घायल हो गई। इस बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस तत्काल घायल काजल को इलाज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख उसे जिला अस्तपाल रेफर कर दिया। इसके बाद उसे जिला अस्तपाल से बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में देर रात तक उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी।

एसएसपी विपिन ताडा ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए सीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

'