Today Breaking News

मुलायम सिंह यादव से मिले उप्र बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, शिष्टाचार से साधा सपा पर निशाना

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने एक-दूसरे पर छींटाकशी करने में जुटे दलों को राजनीतिक शिष्टाचार का संदेश दिया। वह समाजवादी पार्टी के संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के आवास पर मिले, कुशल क्षेम पूछा और आशीर्वाद लिया। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के त्रयोदशी संस्कार से पहले इस मुलाकात के सियासी निहितार्थ भी निकाले जा रहे हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार शाम को ट्वीट कर कहा कि 'आदरणीय मुलायम सिंह जी ‘नेताजी’ से उनके आवास पर भेंट कर कुशलक्षेम जाना और आशीर्वाद प्राप्त किया। मैं ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं।' 

मुलायम सिंह यादव और स्वतंत्र देव सिंह की इस मुलाकात के मायने इसलिए भी अहम हैं क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर मुलायम और अखिलेश के श्रद्धांजलि देने न पहुंचने पर पहला हमला स्वतंत्र देव सिंह ने ही बोला था। उन्होंने 24 अगस्त को ट्वीट किया था 'अखिलेश जी अपने आवास से मात्र एक किलोमीटर दूर माल एवेन्यू में स्वर्गीय कल्याण सिंह 'बाबूजी' को श्रद्धांजलि देने नहीं आ सके। कहीं मुस्लिम वोट बैंक के मोह ने उन्हें पिछड़ों के सबसे बड़े नेता को श्रद्धांजलि देने से तो नहीं रोक लिया? ' लेकिन अब उनकी इस मुलाकात के बहाने भाजपा ने एक तरफ तो राजनीतिक शिष्टाचार का संदेश तो दिया ही है, कल्याण सिंह मसले पर गेंद सपा के पाले में डाल दी है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सोमवार अपराह्न सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के आवास पहुंचे। मुलायम ने भी सहर्ष उनका स्वागत किया और गेट तक छोड़ने भी आए। इसके बाद ही यह मुलाकात इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने लगी। खुद स्वतंत्र देव ने भी मुलायम के साथ अपनी फोटो ट्वीट की। उन्होंने कहा कि 'आदरणीय मुलायम सिंह जी 'नेताजी' से उनके आवास पर भेंट कर कुशलक्षेम जाना और आशीर्वाद प्राप्त किया। मैं ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं।' भाजपा ने इस मुलाकात के जरिए यह संदेश देने की भी कोशिश की है कि मतभेद भले हों लेकिन मनभेद नहीं होने चाहिए, साथ ही सियासी शिष्टाचार बहुत जरूरी है।

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का त्रयोदशी संस्कार एक सितंबर को होना है। इससे पहले भाजपा मंगलवार को प्रदेश भर में कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए सभाएं आयोजित कर रही है। भाजपा अपने संगठन के सभी 1918 मंडलों में श्रद्धांजलि सभाएं करने जा रही है। इसका मुख्य कार्यक्रम लखनऊ में रखा गया है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल शामिल होंगे। कल्याण के बहाने जहां पार्टी की योजना अपने हिंदुत्व के एजेंडे को बढ़ाने की है, वहीं उसकी निगाह पिछड़े मतों पर भी है।

'