Today Breaking News

रक्षाबंधन के लिए रोडवेज ने तैयार किया रूट प्लान, इन जनपदों के बीच चलेंगी सर्वाधिक बसें

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. रक्षाबंधन पर्व पर बहनों को मुफ्त यात्रा कराए जाने को लेकर मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद परिवहन निगम प्रशासन ने रूट प्लान तैयार किया है। लखनऊ के आसपास के उन जिलों की सूची तैयार की गई है जहां रक्षाबंधन पर्व पर सर्वाधिक महिलाएं भाइयों को राखी बांधने के लिए निकलती हैं। 24 घंटे यह निश्शुल्क सेवाएं संचालित होंगी। परिवहन निगम प्रबंधन की कोशिश है कि सीएम के निर्देशों के तहत अंतिम महिला का रास्ता रक्षाबंधन पर्व के दिन मुफ्त आसान किया जाए।

निगम प्रबंधन लंबी दूरी की सेवाओं के साथ-साथ लखनऊ से चलने वाली जनपदीय सेवाओं को ज्यादा तरजीह देगा जिससे आसपास के जिलों को जाने वाली महिला यात्रियों को किसी भी तरह की दिक्कत न होने पाए।

अतिरिक्त बसों का संचालन: रूट पर चलने वाली बसों से इतर महिला यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बसों का संचालन किया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस ने बताया कि लखनऊ से आसपास के जिलों के बीच चलने वाली रोडवेज बसाें की सूची तैयार कर ली गई है। इसे गुरुवार शाम तक अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

इन प्रमुख जिलों की ओर रहेगा ज्यादा ध्यान: लखनऊ से कानपुर, सीतापुर, अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर, बाराबंकी, सुलतानपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, प्रयागराज, वाराणसी आदि जिलों की ओर प्रमुख रूप से बसों को भेजा जाएगा। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जाएगा। करीब 50-50 अतिरिक्त बसें आवश्यकतानुसार चलायी जाएंगी। आरएम ने बताया कि सभी कैटेगरी की बसों को निश्शुल्क हैं। महिला यात्री से किसी भी तरह की धनराशि रक्षाबंधन पर्व के दिन नहीं ली जाएगी।

जिन महिलाओं ने कराया है टिकट होगी 72 घंटे में वापसी: रक्षाबंधन के दिन जिन महिलाओं ने ऑनलाइन टिकट की अग्रिम बुकिंग कराई है। उनके टिकट का पैसा रोडवेज प्रबंधन आगामी तीन दिन यानी 72 घंटों के भीतर खाते में भेज देगा।

'