Today Breaking News

Ghazipur: आधार से लिंक खाते में भेजा जाएगा बेचे गए धान का भुगतान

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले में आगामी नवंबर माह से शुरू होने वाली धान की खरीद की तैयारी होने लगी है। किसान पंजीकरण करा रहे हैं। वहीं खरीद करने वाली संस्थाओं से क्रय केंद्र खोलने के संबंध में प्रस्ताव मांगा गया है। खरीद के लिए जिले को जल्द ही बोरे भी उपलब्ध हो जाएंगे। 

किसानों के आधार नंबर से लिंक बैंक खाते में उनके धान का भुगतान किया जाएगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहली नवंबर से धान की खरीद की जाती है। इसके लिए किसानों की ओर से पंजीकरण कराया जा रहा है। पंजीकरण के लिए किसानों को आधार लिंक मोबाइल नंबर देना होगा।

इसी मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा, जिसे भरने पर उनका रजिस्ट्रेशन लाक हो जाएगा। मंगलवार को दिन में बारह बजे तक सभी सात तहसीलों में 377 किसानों की ओर से पंजीकरण कराया गया था। इसमें जखनिया तहसील में 19, सैदपुर 53, गाजीपुर 23, मुहम्मदाबाद 78, जमानिया 65, कासिमाबाद 27 तथा सेवराई तहसील में 112 किसानों की ओर से पंजीकरण कराया गया है। 

आगामी धान खरीद के लिए क्रय करने वाली संस्थाओं से केंद्र खोलने के संबंध में प्रस्ताव मांगा गया है। अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व खरीद अधिकारी नामित किए गए हैं। जल्द ही गाजीपुर जिले को पंद्रह सौ गांठ बोरा उपलब्ध हो जाएगा। मालूम हो कि बीते वर्ष शासन की ओर से जिले को दो लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके लिए विभिन्न संस्थाओं के 136 क्रय केंद्र खोले गए थे। 

उस समय निर्धारित अवधि में 220831 एमटी की खरीद की गई थी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी रतन कुमार शुक्ला ने बताया कि किसान अपना बैंक खाता सीबीएस युक्त बैंक शाखा में खुलवाएं एवं खाते को आधार से लिंक करवाएं। धान के समर्थन मूल्य का भुगतान आधार से लिंक खाते में ही किया जाएगा।

'