Today Breaking News

देर रात तक होती रही बारिश, गर्मी दूर मगर चौतरफा जलभराव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. इस बार सावन में रिकार्ड बारिश हुई थी, अब भादो भी सावन को पछाडऩे में लगा हुआ है। दो दिन से हो रही बारिश से नया कीर्तिमान बनने की पूरी संभावना बन गई है। बुधवार को अल सुबह से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। बारिश को देखकर एक बार भी नहीं लगा कि भादो में इंद्रदेवता इस तरफ मेहरबान हो सकते हैं। बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं मोहल्लों में जलभराव होने से परेशानी भी बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार आज भी बारिश होने की पूरी संभावना है।

पहले हल्की रिमझिम फिर बारिश ने पकड़ ली रफ्तार

मंगलवार से गाजीपुर में बारिश हो रही है। पहले दिन शहर में हल्की बारिश हुई थी। ग्रामीण क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई थी। ओडिशा में कम वायु दाब का प्रभाव मंगलवार रात को और बढ़ गया। बुधवार को अल सुबह से जो बारिश शुरू हुई, वह पूरे दिन होती रही। बीच-बीच में बारिश का सिलसिला कुछ देर के लिए रुका, मगर काले बादल आसमान पर छाए रहे। मेघ अपने रौब में बरसते रहे। 

इससे अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस था, जो बुधवार को 27.6 डिग्री पर आकर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान मंगलवार को 25.2 डिग्री था। उसमें कोई खास अंतर नहीं रहा। बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री रहा। 

मौसम विभाग के मुताबिक सुबह 8.30 बजे से लेकर शाम 5.30 बजे तक 18.2 मिलीमीटर बारिश हुई। 24 घंटे में 25 मिलीमीटर बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञानी डा. शैलेंद्र राय का कहना है कि गुरुवार को भी बारिश होने की पूरी संभावना है। मगर बुधवार जैसी बारिश नहीं होगी। उसके बाद मौसम साफ होगा। ऐसा ओडिशा में बने कम वायु दाब के कारण हुआ है।

फसलों के लिए अमृत वर्षा

इस समय जो बारिश हो रही है, वह फसलों के लिए अमृत वर्षा है। इससे सबसे ज्यादा फायदा धान की फसल को है। क्योंकि धान की फसल में इस समय रोग लग रहा है। किसान इससे परेशान हैं। जानवरों के चारा से लेकर सब्जियों के लिए यह बारिश बहुत फायदे मंद है। क्योंकि तापमान बढऩे पर फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।

'