Today Breaking News

2022 में लोकतंत्र को बचाने के लिए समाजवादी कार्यकर्ताओं की अग्निपरीक्षा का समय है : अखिलेश यादव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि वर्ष 2022 में लोकतंत्र को बचाने के लिए समाजवादी कार्यकर्ताओं की अग्निपरीक्षा का समय है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर अपना राजनीतिक एजेण्डा पूरा करना चाहती है। इस बार बूथ पर भाजपा की बुरी नजर लगी है। इसलिए युवा शक्ति एवं जाग्रत जनता उत्तर प्रदेश में अब हर बूथ पर जन जागरण करते हुए समाजवादी पार्टी के सिद्धांतों और काम के आधार पर ‘जन-मन विजय अभियान‘ की सफलता सुनिश्चित करके लोकतांत्रिक क्रांति के लिए प्रतिबद्ध है।

अखिलेश ने रविवार को जारी बयान में कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा ने फिर से अपना असली रूप दिखाना शुरू कर दिया है। भाजपा के अलोकतांत्रिक इरादों से पूरी तरह सतर्क भी रहना होगा। समाजवादी पार्टी इस संबंध में पुख्ता रणनीति बना रही है ताकि भाजपा जनता को धोखा न दे सके। भाजपा के झूठे प्रचार में विज्ञापनों की स्थिति इतनी डरावनी है कि समाजवादी सरकार के विकास के कामों को तो भाजपा अपने कामों में गिनाती रही है। जहां भी अच्छा काम हुआ तो भाजपा को उसे अपना बताने में कोई संकोच नहीं है।

बूथ पर तनिक भी चूक न हो 

अखिलेश ने कहा है कि वे बिना समय गवाएं अपने क्षेत्रों में पूरी मुस्तैदी से जुट जाएं। इस कार्य में कोई कोताही न हो। बूथ पर तनिक भी चूक नहीं होनी चाहिए। कार्यकर्ता यह न भूलें कि दोबारा उन्हें ऐसा अवसर मिलने वाला नहीं है। उन्हें मतदाता सूची में नाम बढ़ाने पर ध्यान देना है। सबका सहयोग लें और सबका सम्मान करें।

'