सार्वजनिक संपत्ति नष्ट करने वालों के लिए तैयार है बुलडोजर - सीएम योगी
गाजीपुर न्यूज़ टीम, भदोही. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भदोही के ज्ञानपुर में रविवार को 373 करोड़ रुपये की 74 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर हमला बोला। माफिया, अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री के तेवर सख्त रहे। ज्ञानपुर स्थित विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास में राजनीति का अपराधीकरण बाधक थी, वह स्थिति अब समाप्त हो गई है। अब कोई त्योहार में दंगा करने की नहीं सोचता, व्यापारियों को प्रताड़ित नहीं करता।
अगर कोई व्यापारियों को प्रताड़ित करेगा, दंगा करेगा या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाएगा, तो उसके लिए सरकार का बुलडोजर तैयार है। जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने मंच से 2022 के चुनाव का खाका खींचने का पूरा प्रयास किया। एक-एक वोट के महत्व से लेकर अब तक योजनाओं से मिले लाभ का लेखाजोखा तक रख दिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पहले विकास की परियोजनाओं पर सत्ताधारी लोगों की बेईमानी का ग्रहण लग गया था। सपा, बसपा व कांग्रेस की सरकारों ने विकास के नाम पर अपने परिवार और अपराधियों का विकास किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं गिनाईं।
कहा कि जनपद की आबादी 15 लाख 78 हजार है। यहां केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया गया। योजनाओं से लाभान्वित होने वालों की संख्या 10 लाख से ज्यादा हैं। यहां सभी क्षेत्रों में विकास हुआ है। विपक्षी दलों से पूछना चाहिए कि जो विकास सात साल में, साढ़े चार साल में हुआ, वह आजादी के बाद 70 वर्ष में क्यों नहीं हुआ। सीएम ने पीएम आवास, मुख्यमंत्री आवास, आजीविका मिशन, आयुष्मान भारत, ओडीओपी, शादी अनुदान योजना आदि कल्याणकारी योजनाएं गिनाईं।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार आने के बाद साढ़े चार वर्ष के अंदर सभी क्षेत्रों का विकास हुआ है। एक जनपद एक उत्पाद के माध्यम से भदोही के कालीन की दुनिया में धूम है। भदोही एक्सपोर्ट का हब बन रहा है। कहा, हमारे लिए तो पूरा प्रदेश ही परिवार है, लेकिन पहले सरकारों में जो लोग रहते थे, उनके लिए अपना परिवार ही प्रदेश रहता था। हम कहते हैं सबका साथ सबका विकास।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोला। कहा कि वे कहते थे मेरा परिवार और मेरा विकास। उनकी सोच संकुचित थी, आपराधिक मानसिकता की थी। उनकी सोच भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने की थी, हमारी सोच पूरे समाज को साथ लेकर चलने की है। विकास के नाम पर सपा, बसपा व कांग्रेस की सरकार ने अपने परिवार व अपराधियों का विकास किया। पूर्ववर्ती सरकारों में भ्रष्टाचार, परिवारवाद, जातिवाद की मानसिकता रही लेकिन अब ईमानदारी से विकास कार्य हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भदोही में भी पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज बनाने का निर्णय लिया गया है। चुनाव से पहले इसका शिलान्यास हो जाएगा। जिले में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया भी तीन माह के भीतर पूरी होगी। इसके लिए पंचायती राज विभाग को कह दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को 124 करोड़ की 37 परियोजनाओं का लोकार्पण और 248 करोड़ की 37 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।