Today Breaking News

नहर में डूबे किशोर का शव 20 घंटे बाद बरामद, जुटी भीड़ - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के खड़हरा के बिंदवलिया गांव में शुक्रवार को नहाते समय नहर में डूबे किशोर की मौत हो गइ। उसका शव 20 घंटे की कवायद के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद हो गया। किशोर का शव शनिवार की दोपहर बाद बलिया से बुलाए गए गोताखोरों ने निकाला। युवक का शव नहीं मिलने पर सुबह ग्रामीण आक्रोशित भी हुए और हंगामा करते हुए चक्काजाम का प्रयास भी किया। क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद सहित थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर मौके पर पहुंचे और सभी समझाकर शव की तलाश में जुटे रहे। वहीं शव मिलने के बाद देख परिजन बिलखने लगे।

शुक्रवार को खडहरा के बिंदवलिया निवासी वकील नट का पुत्र गुड्डू नट (17) शाम तीन बजे नहर में नहाते समय डूब गया था। जहां उसका पता लगाने के लिए घंटों मशक्कत किया गया। फिर भी उसका कुछपता नहीं चल पाया। यहां तक कि देर रात तक भी कोई सफलता नहीं मिल सकी थी। थक हार कर पुलिस प्रशासन व ग्रामीण अपने घर चले गए। वहीं फिर शनिवार की सुबह प्रशासन ने पड़ोसी जनपद बलिया के रसड़ा थाना क्षेत्र के प्रधानपुर से गोताखोरों को बुलवाया। जहां शनिवार की सुबह से दोपहर तक गोताखोर अनवरत किशोर को ढूढ़ने के प्रयास में लगे रहे। दूसरे दिन दोपहर तक भी कोई अता पता नहीं चला। 

इसके बाद गोताखोर भी मायूस होकर बैठ गए। इस बीच क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद सूचना पाकर मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने गोताखोरों से एक बार फिर गहराई से खोजबीन करने को कहा। इसपर गोताखोर दोबारा पानी में उतरे और किशोर को ढूढ़ने का प्रयास करने लगे। इस बीच उसका शव नहर के पानी के एक खोह में फंसा पाया गया। इसपर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। किशोर का शव जैसे ही गोताखोरों ने बाहर निकला, उसे देख किशोर गड्डू नट की मां सहित परिजन दहाड़ मार कर बिलखने लगे। पुलिस प्रशासन ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर भारी संख्या में भीड़ जुटी रही।

'