Today Breaking News

पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल ने 1 दिन में 513 ट्रेनों का किया इंटरचेंज, अपने रिकार्ड को तोड़ा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, चंदौली. पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल हर रोज एक कदम आगे बढ़ रहा है। पिछले रिकार्डों को तोड़कर खुद का नया रिकार्ड बना दिया जा रहा है। मंडल ने अब एक दिन में ही 513 ट्रेनों का इंटरचेंज (पीडीडीयू मंडल क्षेत्र में प्रवेश या उससे निकास) किया है। एक दिन में किया गया अब तक का सर्वाधिक इंटरचेंज है। 

मंडल ने अपने पिछले ही रिकार्ड को तोड़ दिया है। दानापुर, धनबाद, प्रयागराज व लखनऊ मंडल के साथ मिलकर ट्रेनों का का परिचालन किया जाता है। मंडल की इस उपलब्धि से अधिकारी गदगद हैं। मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने अधिकारियों की पीठ थपथपाई और आगे और बेहतर करने की नसीहत दी।

मंडल द्वारा अपने निकटस्थ रेल मंडलों के साथ रिकार्ड 513 ट्रेनों का इंटरचेंज कराया गया। इसमें 321 मालगाड़ियों व 192 यात्री ट्रेनों का इंटरचेंज कराया गया। पीडीडीयू मंडल का एक दिन में इंटरचेंज का अपना पिछला रिकार्ड 499 ट्रेनों का था, जो 21 मार्च 2021 को प्राप्त हुआ था। आठ महीने में ही मंडल ने इसे भी पीछे छोड़ दिया। 

पीडीडीयू मंडल भारतीय रेल को चलायमान व गतिमान रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला रेल परिचालन की दृष्टि से भारतीय रेल का अत्यंत व्यस्त रेल मंडल है। रेलवे द्वारा त्वरित यात्री परिवहन के साथ-साथ माल परिवहन सुनिश्चित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए मंडल द्वारा दानापुर मंडल, धनबाद मंडल, प्रयागराज मंडल, लखनऊ मंडल के साथ बड़े पैमाने पर माल गाड़ियों एवं यात्री ट्रेनों का इंटरचेंज किया जाता है।

'